जयपुर में बड़ी वारदात: मां को डॉक्टर प्रेमी के साथ आपत्तिजनक अवस्था में देख 20 साल के बेटे ने दोनों को गोली मारी
1 min readएनसीआई@जयपुर
जयपुर के कोटपूतली में शनिवार सुबह बेटे ने मां और उसके 41 साल के डॉक्टर प्रेमी की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद बेटे ने अपनी बहन को फोन कर दोनों की हत्या की सूचना दी और फरार हो गया। 20 साल का बेटा पंकज मां और डॉक्टर के बीच प्रेम सम्बन्ध से खफा था। पुलिस का अंदाजा है कि उसने शनिवार सुबह अपनी मां और डॉक्टर को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। इसी से आवेश में आकर उसने दोनों के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी बेटे पंकज ने अपनी जिस बहन को फोन करके वारदात की जानकारी दी, उसने ही फोन करके पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस जब शिव कॉलोनी में डॉक्टर के मकान पर पहुंची तो वहां सुमन चौधरी (38) और डॉक्टर मतादीन शेखावत (41) की लाश पड़ी हुई थी। दोनों के सिर में गोली लगी हुई थी। मतादीन का शव अर्धनग्न अवस्था में मिला। इसी से पुलिस को शंका है कि बेटे ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देखकर वारदात को अंजाम दिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सुमन चौधरी की शादी कई साल पहले हरियाणा में हुई थी। शादी के कुछ साल बाद से ही वह ससुराल से अलग बेटे के साथ रह रही थी। सुमन कोटपूतली के ही भांकरी गांव की रहने वाली थी। उसका बेटा हरियाणा में रहकर ग्रेजुएशन कर रहा है। वह कभी-कभी ही मां के पास शिव कॉलोनी मिलने आता था। जबकि मातादीन अलवर के बानसूर का रहने वाला था। वह शादीशुदा था। उसके दो बच्चे भी हैं, वे बानसूर गांव में रहते हैं। मातादीन आयुर्वेदिक डॉक्टर था। उसने कोटपूतली के रामसिंहपुरा गांव में एक दवाखाना खोल रखा था। इसके अलावा, शिव कॅलोनी के जिस घर में वह रहता था, वहां भी मरीजों को देखता था।
दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग की लड़के को थी जानकारी
डिप्टी एसपी दिनेश यादव ने बताया कि मृतका के बेटे पंकज को मातादीन और अपनी मां सुमन के प्रेम प्रसंग की जानकारी थी। इस बारे में वह अपनी बहन और परिवार के अन्य सदस्यों को भी बता चुका था। यही नहीं मृतक मातादीन की पत्नी व अन्य परिजनों को भी यह पता था कि वह कोटपूतली में सुमन के साथ लिव-इन में रहता है। मातादीन, मृतका सुमन चौधरी के घर के ऊपर वाले फ्लोर पर ही रहता था।