भीषण हादसा: ट्रेलर और कार की टक्कर में एसएचओ, कांस्टेबल सहित 3 लोगों की मौत
एनसीआई@बीकानेर
जिले के पेमासर के पास जयपुर रोड पर गुरुवार सुबह एक कार और ट्रेलर में भीषण टक्कर हो गई। इससे कार सवार पूगल थाने के एसएचओ महावीर प्रसाद व एक पुलिस कांस्टेबल सहित तीन लोगों की मौत हो गई। तीनों के शव कार में ही फंसे रह गए थे।

हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को कार से निकलवा कर पीबीएम हॉस्पिटल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोरोना जांच के बाद शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, पूगल एसएचओ महावीर प्रसाद, कांस्टेबल काशीराम व एक अन्य व्यक्ति किसी मामले में बदमाश की तलाश में बीकानेर आए थे। इसके बाद ये सुबह वापस पूगल जा रहे थे। इस दौरान जयपुर रोड स्थित पेमासर के पास कार और ट्रेलर में भीषण टक्कर हो गई। इससे तीनों कार में भी फंसे रह गए।
इस दौरान एसएचओ महावीर व काशीराम की मौके पर ही मौत हो गई। तीसरे व्यक्ति ने अस्पताल में दम तोड़ा। तीनों के शव पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए। बीकानेर के पुलिस अधीक्षक प्रहलाद सिंह ने विभाग के एक अधिकारी और जवान को खोने पर दुख जताया है।
हनुमानगढ़ के रहने वाले थे एसएचओ
मृतक एसएचओ महावीर सिंह जी 1996 बैच के सब इंस्पेक्टर थे। वह हनुमानगढ़ जिले की नोहर तहसील के रतनपुरा गांव के रहने वाले थे। उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी है। बेटी की शादी हो चुकी है।
