कोरोना होने पर सीएम ममता बनर्जी के गले लगने की बात कहने वाले भाजपा नेता हो गए संक्रमित

अनुपम हाजरा
एनसीआई@कोलकाता/सेन्ट्रल डेस्क
कोरोना होने पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से गले लगने की बात कहने वाले भाजपा नेता अब वास्तव में संक्रमित हो ही गए। पश्चिम बंगाल के ये भाजपा नेता अनुपम हाजरा पहले ममता बनर्जी की ही पार्टी तृणमूल कांग्रेस में थे। हाल ही में भाजपा ने उन्हें राष्ट्रीय सचिव बनाया है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व राज्य में कोरोना संक्रमण की स्थिति पर बोलते हुए अनुपम हाजरा ने विवादित बयान दिया था।

हाजरा ने ममता बनर्जी पर कोरोना से मरने वालों से अच्छा व्यवहार नहीं करने का आरोप लगाते हुए यह बात कही थी। इसमें उन्होंने कहा था कि, ‘ऐसा व्यवहार तो कुत्ते-बिल्ली के साथ भी नहीं किया जाता।’ उन्होंने आगे कहा था कि ममता बनर्जी कोरोना से बड़ी शत्रु हैं। यदि उन्हें कोरोना हुआ तो वे ममता बनर्जी से गले लगकर मुलाकात करेंगे। इस पर उन्हें काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। अब शुक्रवार को आई उनकी जांच रिपोर्ट में उन्हें पॉजिटिव पाया गया तो वह मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया। हाजरा के उस विवादित बयान पर उनके खिलाफ सिलिगुढ़ी में केस भी दर्ज किया गया था।