राजस्थान: प्रेमिका को भगाने के बहाने जेवर व नकद रुपए लेकर बुलाया,शराब पिला होद में डुबोकर मार डाला
नागौर पुलिस ने किया ब्लाइंड मर्डर का पर्दाफाश, आरोपी प्रेमी व उसका दोस्त गिरफ्तार, खुनखुना थाना इलाके के छोटी खाटू गांव में 28 सितम्बर को हुई थी वारदात
एनसीआई@नागौर
जिले के छोटी खाटू गांव में एक युवती की पानी की होद में मिली लाश की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने उस युवती के प्रेमी और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया। हत्या की इस वारदात को आरोपी ने नाजायज सम्बन्धों से छुटकारा पाने के लिए अपने दोस्त के साथ मिलकर अंजाम दिया था।
मामले के अनुसार आरोपी ने प्रेमिका को भगाने का बहाना कर अपने घर से जेवर व नकदी लेकर बुलाया। इसके बाद उसे शराब पिलाई। फिर नशे की हालत में ही उसे होद में डुबोकर हत्या कर दी। वारदात के पांच दिन बाद युवती की लाश पुलिस ने बरामद की। इसके बाद पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को सुलझा दिया। नागौर एसपी श्वेता धनकड़ ने बताया कि इस मामले में छोटी गांव निवासी प्रेमी निम्बाराम गोदारा (20) व उसके दोस्त मुकेश बलारा (19) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी व मृतक युवती का मोबाइल बरामद कर लिया। युवती द्वारा घर से लाए गए सोने चांदी के आभूषण व नकदी बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
यह है मामला
20 वर्षीय युवती राजू देवी की गुमशुदगी की रिपोर्ट उसके पिता मेहराम राइका ने 29 सितम्बर को थाना खुनखुना में दर्ज कराई थी। इसके बाद 2 अक्टूबर को लापता युवती राजू की लाश राजापुरा इलाके के पास प्याऊ के पानी से भरे एक होद में मिली। तब राजू के पिता ने उनकी बेटी का अपहरण कर दुष्कर्म व हत्या का शक जताते हुए मुकदमा दर्ज करवाया। यह भी बताया कि उनकी बेटी घर से जेवर व नकदी भी लेकर गई थी। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू की तो पुलिस ने मृतक राजू के घर से घटनास्थल तक के सभी रास्तों, होटल, ढाबों पर गहनता से पूछताछ की। तब संदिग्ध निंबाराम गोदारा का नाम सामने आया। पुलिस ने घर से गायब निंबाराम की तलाश कर उसे धर दबोचा। पूछताछ में उसने राजू की हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पीछा छुड़ाने के लिए प्रेमिका को बुलाकर हत्या की
आरोपी निंबाराम व मुकेश से गहनता से पूछताछ करने पर सामने आया कि निंबाराम का काफी समय से युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती उसके साथ जाने का दबाव डाल रही थी। मगर उससे पीछा छुड़ाना चाह रहे आरोपी निंबाराम ने गांव के ही मुकेश जाट के साथ साजिश रचकर 28 सितम्बर की रात राजू को भागने की बात कहकर घर से आभूषण व नगदी लेकर राजापुरा की सरहद में बुलाया। वहां निंबाराम ने उसे शराब पिलाई। उसके बेहोश हो जाने पर अपने दोस्त मुकेश के साथ मिलकर उसे पानी के होद में फेंक दिया। इससे युवती की मौत हो गई। वहीं, वह उसके आभूषण, नगदी व मोबाइल लेकर फरार हो गया।
