राजस्थान: 15 साल की लड़की को घर से उठा ले गए, एक ने दुष्कर्म किया दूसरे ने वीडियो बनाया, पीड़ित अस्पताल में भर्ती

एनसीआई@बाड़मेर
सीमावर्ती बाड़मेर जिले के शिव क्षेत्र में घर पर अकेली 15 साल की लड़की को दो युवक उठाकर ले गए। उनमें से एक ने लड़की के साथ दुष्कर्म किया, जबकि दूसरे ने वीडियो बनाया। दुष्कर्म के बाद दोनों युवक लड़की को सड़क किनारे बेहोशी की हालत में फेंककर चले गए। पीड़ित को बाड़मेर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देशभर में बढ़ती जा रही ऐसी वारदातों पर मच रहे घमासान को देखते हुए जिला कलक्टर व पुलिस अधीक्षक ने अस्पताल पहुंच कर लड़की और उसके परिजनों से मुलाकात की।
बाड़मेर पुलिस अधीक्षक आनंद शर्मा ने बताया कि भियाड़ पुलिस चौकी क्षेत्र में स्थित एक गांव में यह किशोरी अपने घर पर अकेली थी। इसके माता-पिता गांव में सरपंच चुनाव में मतदान करने गए हुए थे। इस दौरान मोटर साइकिल पर आए दो युवक उसे अपने साथ ले गए। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वे उसे उठा कर ले गए या फिर बहला-फुसला कर। गांव के बाहर सुनसान क्षेत्र में ले जाकर एक युवक ने लड़की के साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान दूसरा युवक वीडियो बनाता रहा। रात आठ बजे तक किशोरी के घर नहीं पहुंचने पर उसके माता-पिता ने भियाड़ पुलिस चौकी पर जानकारी दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इसकी खोजबीन शुरू की तो वह देर रात गांव के बाहर सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिली। इसे तुरंत इलाज के लिए बाड़मेर अस्पताल भेजा गया। उन्होंने बताया कि जिला कलक्टर विश्राम मीणा के साथ उन्होंने अस्पताल में भर्ती लड़की व उसके परिजनों से मुलाकात कर घटनाक्रम की जानकारी ली है। किशोरी का कहना है कि वह दोनों युवकों को नहीं जानती है। ऐसे में उससे मिली जानकारी के आधार पर दोनों की तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस कुछ संदिग्ध युवकों से पूछताछ कर रही है। किशोरी की हालत स्थिर है।