गहलोत के शहर जोधपुर में सचिन पायलट का जोरदार स्वागत, विश्लेषक अचम्भित

एनसीआई@जोधपुर
प्रदेश कांग्रेस में मचे घमासान के बाद सचिन पायलट की आज गुरुवार को हुई पहली जोधपुर यात्रा ही बेहद धमाकेदार रही। पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट गुरुवार दोपहर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गृह नगर जोधपुर पहुंचे। उन्होंने पाली से सड़क मार्ग से जोधपुर की सीमा में प्रवेश किया तो वहां बड़ी संख्या में अपने वाहनों के साथ मौजूद कार्यकर्ताओं ने बेहद गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। काफी देर तक उन्होंने जोरदार नारेबाजी की। सचिन कार्यकर्ताओं से मिले, लेकिन कोरोना गाइड लाइन के कारण मालाएं नहीं पहनीं।
जोधपुर सीमा पर अपने शानदार स्वागत के बाद सचिन पायलट का काफिला एयरपोर्ट के निकट स्थित पूर्व केन्द्रीय मंत्री जसवंत सिंह जसोल के फार्म हाउस पर पहुंचा। वहां सचिन ने जसोल को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके बाद वे सर्किट हाउस के लिए रवाना हुए। जहां उनका कार्यकर्ताओं से मिलने का कार्यक्रम था।
राजनीतिक विश्लेषक अचम्भे में
प्रदेश कांग्रेस में मचे घमासान के बाद पहली बार जोधपुर आए सचिन पायलट के स्वागत में बड़ी संख्या में उमड़े कार्यकर्ताओं को देख राजनीतिक विश्लेषक भी अचम्भे में हैं। मुख्यमंत्री के गृहनगर में खुले तौर पर उनके धुर विरोधी पायलट के ऐसे जोरदार स्वागत की किसी ने भी उम्मीद नहीं की गई थी। इसके विपरीत पाली-जोधपुर सीमा पर सैकड़ों लोग वाहन लेकर उनका स्वागत करने पहुंचे। उन्होंने वहां जोरदार नारेबाजी कर सचिन का स्वागत किया। इसके बाद काफिले के रूप में वे जोधपुर के लिए रवाना हुए। इस बीच पाली रोड पर कई स्थान पर भी लोगों ने पायलट की कार रोक स्वागत किया। पाली रोड से वे सीधे जसवंत सिंह जसोल के फार्म हाउस पर पहुंचे। वहां उन्होंने जसवंत सिंह के बड़े पुत्र व कांग्रेस नेता मानवेन्द्र सिंह से मिल उनके पिता के निधन पर शोक व्यक्त किया। इसके बाद उन्होंने मानवेन्द्र के साथ काफी लम्बी मंत्रणा की। इस दौरान उनके कुछ विश्वस्त लोग ही उनके साथ रहे। सचिन की इस यात्रा पर कई गहलोत समर्थक नेता पूरी तरह निगाह जमाए हुए हैं। सचिन के साथ चल रहे कुछ कार्यकर्ताओं से लगातार जानकारी ले रहे हैं।