उमंग संस्थान की ओर से बरुंधन स्कूल में बालिका सम्मान के लिए रोचक कार्यक्रम
एनसीआई@बून्दी
अन्तरराष्ट्रीय बालिका दिवस कार्यक्रमों की शृंखला में आज सोमवार को उमंग संस्थान की ओर से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बरुंधन में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
उमंग की ज्ञानार्थ संयोजिका और मीना मंच की प्रभारी शोभा कंवर ने बताया कि अन्तरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर प्रधानाचार्य अशफाक गौरी की अध्यक्षता में ‘हमारी आवाज, हमारा समान भविष्य’ विषय पर परिचर्चा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मीना मंच की बालिकाओं ने रंगोली मेकिंग, पोस्टर मेकिंग व नारा लेखन का आयोजन किया। प्रधानाचार्य अशफाक गौरी ने बालिका सुरक्षा, सशक्तिकरण में सहयोग करने और नो मास्क नो एंट्री की जागरूकता की शपथ भी दिलवाई।
प्रधानाचार्य अशफाक गौरी ने किसी भी राष्ट्र और समाज के विकास का सीधा सम्बन्ध वहां की बालिकाओं व महिलाओं के विकास से जुड़ा होता है। बालिकाओं व महिलाओं के विकास के बिना व्यक्ति, परिवार और समाज के विकास की कल्पना भी नहीं की जा सकती है।
परिचर्चा में बोलते हुए गौरी ने सक्षम, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम, सुकन्या समृद्धि योजना, किशोरियों के सशक्तिकरण के लिए राजीव गांधी योजना (सबला), इंदिरा गांधी मातृत्व सहयोग योजना, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, महिलाओं के लिए प्रशिक्षण और रोजगार कार्यक्रम सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर शीला गुप्ता, हंसा कलवार, राजू मीना मंच की भावना, रश्मिका और सूर्यप्रकाश ने भी अपने विचार रखे।
संस्थान के कृष्णकान्त राठौर ने बताया कि इस अवसर पर विद्यालय में जिला प्रशासन, महिला अधिकारिता विभाग और उमंग संस्थान द्वारा स्थापित ‘उमंग सेव गर्ल्स वाॅल’ पर आकर्षक सज्जा करते हुए रंगोलियां भी बनाईं। बालक-बालिकाओं ने रंगों के द्वारा बालिका सशक्तिकरण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ पर अपने विचार व्यक्त किए। बालक-बालिकाओं ने रंगों के द्वारा पत्थरों पर आकर्षक चित्रात्मक तरीके से नारा लेखन भी किया। इसमें मंच के सदस्य रेखा रानी, गुरप्रकाश कौर, हंसिका, दीपिका, किरण, संगीता, निकिता, प्रिया प्रजापत, अनिररुद्ध और राजू मीना शामिल रहे।
