जूनियर गोल्फर अर्जुन भाटी और इनकी दादी ने राहुल गांधी को ऐसी नसीहत दी कि, छा गए
अपना वीडियो शेयर करते हुए जूनियर गोल्फर अर्जुन ने लिखा, ‘आदरणीय राहुल गांधी जी कोशिश करता हूं कि आपका दिल से सम्मान करूं, लेकिन जब आपकी बात सुनता हूं तो दुख होता है। आप राजनीति करो, सवाल करो, सरकार की गलत बातों का विरोध करो…. ये सही है, लेकिन आपको खुद ही नहीं पता आप नरेन्द्र मोदी जी के साथ देश के लिए भी ग़लत बोलते हो। ऐसा ना करो।’
एनसीआई@सेन्ट्रल डेस्क
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पीएम नरेन्द्र मोदी पर चीन सहित देश के कई अंदरूनी मामलों को लेकर लगातार आक्रामक टिप्पणियां करते रहते हैं। यह अलग बात है कि उनकी ऐसी अधिकतर टिप्पणियों को अतार्किक मान कर खूब आलोचना का शिकार बनना पड़ता है। इसी प्रकार हाल ही में उन्होंने पंजाब में एक रैली को सम्बोधित करते हुए कहा था कि, अगर उनकी सरकार होती तो 15 मिनट भी नहीं लगने देते, चीन के सैनिकों को 100 किलोमीटर दूर फेंक देते। जाहिर है उनके इस नितांत अतार्किक बयान को भी कड़ी आलोचनाओं का शिकार होना ही था। हुआ भी ऐसा ही, राहुल गांधी के इस बयान पर देशभर में उनकी कड़ी आलोचना ही नहीं हो रही, अपितु हंसी भी उड़ाई जा रही है, व्यंग्य किए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर चुटकीली, मजाकिया टिप्पणियों की भरमार है। इसी क्रम में एक 16 वर्षीय खिलाड़ी ने भी राहुल को सोशल मीडिया पर ट्रोल करते हुए प्रभावी तरीके से नसीहत देने की कोशिश की है। यह युवा खिलाड़ी हैं, जूनियर गोल्फर अर्जुन भाटी। इन्होंने अपनी दादी के साथ मिलकर राहुल गांधी के लिए एक वीडियो संदेश जारी किया है।
अपने इस वीडियो को शेयर करते हुए अर्जुन ने लिखा है कि, ‘आदरणीय राहुल गांधी जी, कोशिश करता हूं कि आपका दिल से सम्मान करूं, लेकिन जब आपकी बात सुनता हूं तो दुख होता है। आप राजनीति करो, सवाल करो, सरकार की गलत बातों का विरोध करो…. ये सही है, लेकिन आपको खुद ही नहीं पता आप नरेन्द्र मोदी जी की खिलाफ में देश के लिए भी गलत बोलते हो। ऐसा ना करो।’
वीडियो में अर्जुन सीधे राहुल गांधी से सवाल पूछते नजर आ रहे हैं। वह कहते हैं, कल मैंने एक वीडियो देखा, जिसमें आपने देश, देश की सेना और आदरणीय प्रधानमंत्री जी के बारे में गलत शब्दों का प्रयोग किया।’ अर्जुन ने कहा, ‘मुझे भी दुख होता है कि पूरा देश आपकी बातों और भाषणों पर आपका मजाक उड़ाता है, आपके जोक्स बनाता है और आपको ट्रोल करता है। और इसका कारण भी है, क्योंकि आप देश, देश की सेना की तौहीन करते हैं, उसका मनोबल तोड़ते हैं और आप ये भी कहते हैं कि अगर आपकी सरकार को 15 मिनट मिल जाते तो आप चाइना को उखाड़ कर फेंक देते। आप उनको पीछे हटा देते।’
अर्जुन वीडियो में राहुल से सवाल करते हैं, ‘आपकी सरकार को तो 60 साल मिले थे, फिर आखिर 15 मिनट की ही क्या कमी रह गई? आप हमारी देश की सेना को सबसे कमजोर समझते हैं। सबसे कायर समझते हैं और आप चाइना की तारीफ करते हैं। आप कैसे देशभक्त हैं? आप अपने आपको भारत माँ का सच्चा बेटा कैसे कह सकते हैं? अगर आप रिसर्च करेंगे, तो आपको पता चलेगा कि हमारे देश की सेना सबसे बहादुर है। भारत बहादुर है, था और रहेगा। बेशक मैं अभी 16 साल का हूँ, बेशक मैं छोटा हूँ। लेकिन अगर कोई मेरे देश की तौहीन करेगा, कोई मेरे परिवार के बारे में कुछ बोलेगा तो मैं चुप नहीं बैठूंगा। ऐसा कभी नहीं होता कि कोई कभी किसी के बारे में गलत बोले और वो उसे बड़े होने का इंतजार करे।’
दादी ने भी सुनाई खरी-खोटी
अर्जुन बताते हैं कि, उनके दादाजी फौज में थे और उन्होंने जब अपनी दादी को वीडियो दिखाया तो उन्हें भी बहुत गुस्सा आया और बहुत दुख हुआ। अर्जुन की दादी इस वीडियो में कहती हैं, ‘राहुल गांधी देश के लिए बहुत उल्टी सीधी बातें करते हैं। फौजियों को भी कहते हैं। उन्हें यह सब नहीं करना चाहिए। फौजी अपनी जान की बाजी लगाते हैं। अपने बच्चों को छोड़कर सीमा पर रहते हैं। देशभक्ति ऐसे नहीं होती है। आप उल्टी सीधी बात करते हो।’ अब अर्जुन के इस वीडियो को सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है। देखने वाले उनकी तारीफ और राहुल गांधी की आलोचना करते नहीं थक रहे।
अर्जुन पहले ऐसे हुए थे चर्चित
कोरोना काल में भारत के जूनियर गोल्फर अर्जुन भाटी ने कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में खुले दिल से योगदान दिया था। नोएडा के निवासी अर्जुन ने अपनी 102 ट्रॉफियां को बेचकर और टूर्नामेंटों से हुई कुल कमाई को मिलाकर 4 लाख 30 हजार रुपए जोड़कर पीएम केयर्स फंड में दान कर दिए। अर्जुन ने अपने ट्वविटर पर पीएम मोदी को टैग करते हुए लिखा था, “8 साल में जो देश-विदेश से जीतकर कमाई हुई 102 ट्रॉफी देश संकट के समय मैंने 102 लोगों को दे दी। उनसे आए हुए कुल 4.30 लाख रुपए आज पीएम-केयर्स फंड में देश की मदद को दिए। ये सुनकर दादी रोईं, फिर बोली, ‘तू सच में अर्जुन है, आज देश के लोग बचने चाहिए ट्रॉफी तो फिर आ जाएंगी।” पीएम मोदी ने उनके इस कदम की काफी सराहना की थी।
