जयपुर: बिल भुगतान की एवज में एक्सईएन व संविदा पर लगा हुआ एईएन 1.26 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार
क्वाटर्स के निर्माण के लिए जारी बिल के भुगतान की एवज में रिश्वत मांग रहा था
एनसीआई@जयपुर
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो(एसीबी) ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए संविदा पर लगे एक सहायक अभियंता और एक एक्सईएन को 1 लाख 26 हजार रुपयों की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। मामला सातवी बटालियन आरएसी में क्वाटर्स के निर्माण के लिए जारी कार्यादेश के बिलों के भुगतान की एवज में रिश्वत मांगने का है। खास बात यह है कि आठ अक्टूबर को ही एक्सईन अशोक कुमार कोरोना वायरस से संक्रमित हुआ था।
जानकारी के अनुसार यह मामला भरतपुर में सातवीं बटालियन आरएसी में 35 क्वॉर्टर के निर्माण के लिए जारी कार्यादेश के बिलों के भूगतान से जुड़ा हुआ है। पीड़ित जयकिशन से राजस्थान पुलिस आवास निर्माण निगम लिमिटेड में संविदा पर लगे सहायक अभियंता गिर्राज सिंह चाहर ने बिलों के भुगतान की एवज में अपने लिए 2 प्रतिशत, डीजीएन एक्सईन अशोक कुमार के लिए 1 फीसदी और लेखा शाखा के कर्मचारियों के लिए 0.50 प्रतिशत के हिसाब से रिश्वत मांगी थी। एसीबी के सत्यापन किए जाने के समय आरोपी ने 68 हजार लिए थे। फिर नए बिलों की राशि के भुगतान के लिए 1 लाख 26 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार हुआ।
एएसपी चंचल मिश्रा के मुताबिक, एसीबी की शुरुआती जांच में इस मामले में कुछ अकांउट सेक्शन के कर्मचारियों की मिलीभगत भी सामने आई है। एसीबी ने संविदा पर लगे सहायक अभियंता गिर्राज सिंह चाहर के घर से विभाग से जुड़े कुछ दस्तावेज भी बरामद किए हैं। दरअसल, राजस्थान पुलिस आवासन निर्माण निगम लिमिटेड पुलिसकर्मियों के लिए क्वॉर्टर निर्माण का काम करता है। इसमें सहायता के लिए एक्सईन और एईन को डेपुटेशन पर राजस्थान पुलिस आवासन निर्माण निगम लिमिटेड में लगाया जाता है। इन दोनों अधिकारियों को भी इसी काम के लिए लगाया गया था, लेकिन दोनों यहां रिश्वत का खेल खेल रहे थे। जांच में सामने आया है कि आठ अक्टूबर को ही एक्सईन अशोक कुमार कोरोना पॉजिटिव आया था. अब एसीबी ने फिर उसकी जांच कराई है।
