February 16, 2026

News Chakra India

Never Compromise

दिल्ली में बड़े अफसर ने मांगी रिश्वत, राजस्थान एसीबी ने रंगे हाथों पकड़ा

दिल्ली में बड़े अफसर ने मांगी रिश्वत, राजस्थान एसीबी ने रंगे हाथों पकड़ा

एनसीआई@जयपुर/कोटा
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) राजस्थान ने मंगलवार को नई दिल्ली में भारत सरकार के सहायक निदेशक पंकज गोयल को 1 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। गोयल ने आधार पहचान पत्र बनवाने की फ्रेंचाइजी देने के नाम पर रिश्वत की मांग की थी।

एसीबी की गिरफ्त में पंकज गोयल

एसीबी राजस्थान के महानिदेशक बीएल सोनी ने बताया कि ब्यूरो की कोटा इकाई के द्वारा भारत सरकार के UIDAI (यूनीक आइडेंटिफिकेशन ऑथोरिटी ऑफ इंडिया) के नई दिल्ली स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में पंकज गोयल को ट्रेप किया गया। इसके खिलाफ कोटा इकाई को शिकायत मिली थी। मामले के अनुसार परिवादी को आधार पहचान पत्र बनाने की फ्रेंचाइजी कई बार आवेदन करने के बाद भी नहीं दी गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि इस पर पंकज गोयल से सम्पर्क किया गया तो उसने फ्रेंचाइजी देने के लिए रिश्वत की मांग की। शिकायत का सत्यापन करवाने के बाद एसीबी की ओर से कार्रवाई की गई। गोयल को ट्रेप करने के बाद एसीबी की एक टीम उनके दिल्ली स्थित निवास पर सर्चिंग कर रही है। अफसरों ने बताया कि शिकायतकर्ता के 14 आवेदन फ्रेंचाइजी से सम्बन्धित थे, जिसे आरोपी ने अटका रखा था।

बीएल सोनी, महानिदेशक एसीबी राजस्थान

एसीबी कर रही पूछताछ
सोनी ने बताया कि पूरे मामले में कोटा टीम के अधिकारियों द्वारा सत्यापन करवाया गया। जिसके बाद मंगलवार को ट्रेप की कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इस दौरान आरोपी को 1 लाख रुपए लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। एसीबी द्वारा फिलहाल पंकज गोयल से पूछताछ की जा रही है। यह 1998 बैच के इंडियन टेलीकॉम सर्विस ऑफिसर हैं।

पंकज गोयल को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ने के बाद कार्रवाई करती एसीबी की टीम

बगैर रिश्वत लिए नहीं मिलती थी अनुमति
एससीबी कोटा इकाई के एडिशनल एसपी चन्द्रशील ठाकुर ने बताया कि आरोपी गोयल को गिरफ्तार कर राजस्थान लाया जाएगा। उसके पास राजस्थान, मध्यप्रदेश, दिल्ली सहित पांच राज्यों में आधार से जुड़ा कियोस्क खोलने की अनुमति देने का अधिकार था। शिकायत मिली थी कि बगैर रुपए लिए फाइल आगे नहीं बढ़ती थी, न परमिशन दी जाती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.