February 16, 2026

News Chakra India

Never Compromise

कोरोना से तंग आकर बुजुर्ग ने ट्रेन के आगे कूद जान दी, सुसाइड नोट में लिखा-अब और परेशान नहीं होना चाहता

कोरोना से तंग आकर बुजुर्ग ने ट्रेन के आगे कूद जान दी, सुसाइड नोट में लिखा-अब और परेशान नहीं होना चाहता

एनसीआई@जयपुर
शहर के मालवीय नगर इलाके के सेक्टर 10 में गुरुवार सुबह एक बुजुर्ग ने ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली। घटना से पहले बुजुर्ग घर पर एक पत्र छोड़ गए। जिसमें लिखा था, ‘ कोरोना से तंग आ चुका हूं। अब और परेशान नहीं होना चाहता। घर छोड़कर जा रहा हूं। इसमें किसी का दोष नहीं है।’ पुलिस को बुजुर्ग का शव सुबह साढ़े छह बजे मिला था।
जानकारी के मुताबिक मृतक सुरेन्द्र कुमार बृज (66) सेक्टर 10 मालवीय नगर में पत्नी के साथ रहते थे। सुरेंद्र कुमार बैंक से सेवानिवृत्त अधिकारी थे। उनका इकलौता बेटा दिल्ली में जॉब करता है। इससे यहां पति पत्नी अकेले रहते थे। 19 अक्टूबर को सुरेंद्र कुमार बृज और उनकी पत्नी कोरोना पॉजिटिव आ गए थे। इससे वे दोनों क्वॉरेंटाइन चल रहे थे। वे बाहर भी नहीं निकल रहे थे। बेटा भी दिल्ली से जयपुर मिलने नहीं आ सका। ना ही, पड़ोसी और रिश्तेदार इस वृद्ध दम्पती से मुलाकात कर हाल जान सके।
रात 2 बजे पत्नी की आंख खुली तो…..
पुलिस ने बताया कि रात 2 बजे सुरेन्द्र कुमार की पत्नी की आंख खुली तो पति नजर नहीं आए। कमरे का दरवाजा भी खुला हुआ था। सुरेंद्र बृज की पत्नी ने उन्हें घर में इधर उधर देखा। तब लाइट जलाने पर कमरे में रखा एक सुसाइड नोट नजर आया। जिसमें कोरोना से परेशान होकर घर छोड़कर जाने की बात लिखी थी। ऐसे में पत्नी ने पड़ोसी की मदद ली। वे किसी तरह रात को सुसाइड नोट लेकर जवाहर सर्किल थाने पहुंचीं।
रेलवे ट्रेक और आसपास तलाश किया, सुबह मिला शव
ड्यूटी ऑफिसर एएसआई रामप्रकाश के अनुसार उन्होंने सुबह 5 बजे तक घर से कुछ दूर स्थित रेलवे ट्रेक और आसपास के इलाके में सुरेंद्र कुमार की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला। तब वे लौट आए। इसके बाद गुरुवार सुबह साढ़े छह बजे सेक्टर 10 में रेलवे ट्रेक पर एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना मिली। तब एएसआई रामस्वरुप मौके पर पहुंचे। संदेह होने पर सुरेंद्र कुमार की पत्नी से शिनाख्त करवाई तो उन्होंने पति की पहचान कर ली। वह उनका शव देखते ही बिलख पड़ीं। इसके बाद पुलिस ने बेटे को दिल्ली फोन कर घटना की जानकारी दी। तब बेटा जयपुर पहुंचा। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.