June 13, 2025

News Chakra India

Never Compromise

देवता को खुश करने के नाम पर ढोंगी बाबा ने 4 दलित महिलाओं से किया दुष्कर्म

एनसीआई@बून्दी
सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक ढोंगी बाबा के द्वारा धन-दौलत बढ़ाने, बच्चा पैदा करने और देवता को खुश करने के नाम पर 4 दलित महिलाओं से दुष्कर्म करने का सनसनीखेज आरोप सामने आया है। ये महिलाएं आपस में निकट की रिश्तेदार हैं।
आरोप यह भी है कि उस ढोंगी बाबा ने दुष्कर्म के दौरान इनका वीडियो भी बनवा लिया। वीडियो के दम पर उसने इन्हें ब्लैकमेल कर अपने साथियों से भी दुष्कर्म करवाया। बाद में महिलाओं ने परेशान होकर रात में इसके पास जाना बंद कर दिया तो आरोपी और इसके साथियों ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। ढोंगी बाबा चढ़ावे के नाम पर इनसे करीब तीन लाख रुपए भी ले चुका है। महिला थाने में इस मामले की रिपोर्ट दी गई है।
यह है पूरा मामला
फरियादी महिलाओं की रिपोर्ट में जो घटनाक्रम सामने आया है उसके अनुसार इनमें सबसे उम्र दराज करीब 60 वर्षीय महिला की नैनवां रोड पर नाले के पास स्थित एक राइस मिल पर चौकीदारी करने वाले ढोंगी बाबा सत्यनारायण गुर्जर से मजदूरी करने के दौरान मुलाकात हुई। यह बात करीब दस माह पुरानी है। सत्यनारायण ने इस महिला से खुद के शरीर में देवता आने का दावा किया। इस पर वह इसके झांसे में आ गई। इस पर उसने देवता को खुश करने के नाम पर रात को चढ़ावे के साथ उस महिला को राइस मिल के क्वार्टर पर ही बुला कर दुष्कर्म किया। उसने महिला से कहा कि देवता खुश हो गए तो उसकी राशि दोगुनी हो जाएगी। यहां तक कि उसने इससे पुत्र विहीन महिला को पुत्र होने की भी गारंटी दी। पूरी तरह सत्यनारायण के प्रभाव में आई इस महिला ने तब 55 वर्षीय अपनी छोटी बहन को, इसके बाद 42 वर्षीय समधन को तथा बाद में छोटी बहन की संतान विहीन 22 वर्षीय पुत्री को भी बारी-बारी से रात को चढ़ावा लेकर सत्यनारायण पास भेजा।
ऐसे खेला शातिराना खेल
सत्यनारायण गुर्जर पर आरोप है कि उसने सबसे पहले झांसी में आई 60 वर्षीय दलित महिला से देवता के खुश नहीं होने की बात कह कर कम उम्र की महिला लाने के लिए कहा। इस पर उसने अपनी छोटी 55 वर्षीय बहन को उसके पास भेजा। इससे दुष्कर्म के बाद भी सत्यनारायण ने कहा कि देवता खुश नहीं हुए हैं, इससे कम उम्र की महिला लाओ। इस पर उसने अपनी 42 वर्षीय समधन को सत्यनारायण से मिलवाया। तब भी उसने कहा कि देवता खुश नहीं हुए हैं और कम उम्र की लाओ। इस पर उसने अपनी छोटी बहन की संतान विहीन 22 वर्षीय पुत्री को भी उसके पास भेज दिया। संतान देने का झांसा देकर सत्यनारायण ने उससे भी दुष्कर्म किया। आरोपी नैनवां रोड पर ही अलगोजा होटल के पीछे रहता है। वीडियो वायरल होने से पीड़िताओं का अपने घर परिवार और समाज में रहना मुश्किल हो गया था। इसके बाद वे पुलिस के पास पहुंचीं।
जांच जारी, तथ्यों पर होगी कार्रवाई
इस मामले पर महिला थाना प्रभारी अंजना नोगिया ने कहा कि डीएसपी गोपीचन्द मीणा इसकी जांच कर रहे हैं। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

­

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.