राजस्थान के मंत्री की पुत्री का सांस लेने में पैदा हुई परेशानी के कुछ घंटे बाद ही निधन

एनसीआई@जयपुर
राज्य के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री मास्टर भंवरलाल मेघवाल की पुत्री डॉ. बनारसी मेघवाल का दुखद निधन हो गया। उन्हें सुजानगढ़ में तबीयत खराब होने के बाद जयपुर लाया जा रहा था, लेकिन चौमूं से आगे अचानक उनकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई। ऐसे में बनारसी मेघवाल को तुरंत मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बनारसी को सुबह ही सांस लेने में दिक्कत हुई थी। उनके निधन की सूचना पर सुजानगढ़ में शोक की लहर छा गई।
मुख्यमंत्री गहलोत ने जताई निधन पर गहरी संवेदना
बनारसी मेघवाल के निधन की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री गहलोत ने गहरी संवेदना जताई है। सीकर दौरे पर चल रहे पीसीसी चीफ गोविन्द सिंह डोटासरा ने भी बनारसी मेघवाल के असमय निधन पर शोक जताया है। इसके साथ ही पीसीसी में शोक की लहर छाई हुई है। बनारसी मेघवाल खुद निवर्तमान पीसीसी पदाधिकारी थीं। उनके निधन पर विधायक नरेंद्र बुडानिया, खानू खान बुधवाली और ललित तूनवाल सहित प्रदेश के कई नेताओं ने गहरा शोक जताया है।
कम उम्र में ही चूरू की पहली महिला जिला प्रमुख बनी थीं
उल्लेखनीय है कि सन् 1997 में बनारसी मेघवाल कम उम्र में ही चूरू जिले की पहली महिला जिला प्रमुख बनी थीं। वे एआईसीसी के सदस्य सहित प्रदेश कांग्रेस कमेटी में विभिन्न पदों पर रहीं थीं। बनारसी का शुक्रवार को उनके पैतृक गांव बाघसरा पूर्वी में अंतिम संस्कार किया जाएगा। करीब 45 वर्षीय बनारसी मेघवाल वर्ष 1995 से 2000 तक चूरू जिला प्रमुख रहीं थीं।