राजस्थान बॉर्डर पर 31 अक्टूबर को बनेगा यह रिकॉर्ड
एनसीआई@जयपुर/नई दिल्ली
केन्द्रीय युवा मामले और खेल राज्य मंत्री और अल्पसंख्यक मामलात राज्य मंत्री किरण रिजिजू दो दिवसीय दौरे पर जोधपुर और जैसलमेर आ रहे हैं। रिजिजू के आज 30 अक्टूबर को दिल्ली से रवाना होकर जोधपुर पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां से वे जैसलमेर जाएंगे। केन्द्रीय मंत्री किरण रिजिजू वहां 31 अक्टूबर को ‘फिट इंडिया मिशन 200 किमी वॉकथन’ कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान उनके साथ प्रसिद्ध अभिनेता विद्युत जामवाल भी रहेंगे।
किरण रिजिजू व अभिनेता विद्युत जामवाल 200 किमी फिट इंडिया वॉकथन को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। रिजिजू फिट इंडिया मिशन 200 किमी वॉकथन का फ्लैग ऑफ करेंगे। इतना ही नहीं वे अपने सहभागियों के साथ फिट इंडिया मिशन 200 किमी वॉकथन में भाग भी लेंगे। किरण रिजिजू इसी दिन जैसलमेर से जोधपुर पहुंच, वहां एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
फिट इंडिया मूवमेंट को मिलेगा बढ़ावा
भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस बल की 42वीं वाहिनी के डिप्टी कमांडेंट प्रियांश दाधिच के अनुसार ‘फिट इण्डिया मूवमेंट’ एवं ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम के तहत आम जनता को स्वास्थ्य व राष्ट्रीय एकता के प्रति जागरूक करने के लिए अर्धसैनिक बलों में से भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस बल द्वारा देश में पहली बार यह आयोजन किया जा रहा है। भारत पाकिस्तान बॉर्डर पर रेतीले रेगिस्तानी क्षेत्र में 200 किलोमीटर का वॉकथन आयोजित होगा।
यहां-यहां से गुजरेगी वॉकथन
यह वॉकथन तनोट माता मंदिर से 7 किमी की दूरी पर स्थित नाथुवाला गांव से शुरू होकर भारत पाकिस्तान बॉर्डर व इंदिरा केनाल के समीप से व सागरमल गोपा मुख्य शाखा से होते हुए 2 नवम्बर को इंदिरा केनाल आरडी 1458 पर पूरी होगी। इस 200 किमी वॉकथन में केन्द्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू, भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस बल के महानिदेशक एसएस देसवाल, दलजीतसिंह चौधरी के साथ एनएसजी के अधिकारी व हिमवीर जवान सहित करीब 200 प्रतिभागी शामिल होंगे।
