राजस्थान: बढ़ते अपराधों के खिलाफ भाजपा के प्रदेशभर में प्रदर्शन, प्रदेशाध्यक्ष पूनिया ने दी गिरफ्तारी
प्रदर्शन के दौरान कोविड-19 के सम्बन्ध में जारी दिशा-निर्देशों की उड़ाई गई धज्जियां, कुछ दिन पहले ही रिकवर हुए प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया भी रहे शामिल, गिरफ्तारी दी, आरोप लगाया: कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार सो रही है
एनसीआई@जयपुर
राज्य में बढ़ रही आपराधिक-दुष्कर्म की वारदातों के खिलाफ भाजपा ने सोमवार को प्रदेश व्यापी हल्ला बोल कार्यक्रम के तहत गहलोत सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए। इसमें कुछ दिन पूर्व ही कोरोना संक्रमण से रिकवर हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया भी शामिल हुए। वे सिविल लाइंस फाटक पर प्रदर्शन करने पहुंचे। इसमें बड़ी संख्या में भाजपाई जुटे। इससे कोविड-19 के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन नहीं हो सका। प्रदेशाध्यक्ष पूनिया ने गिरफ्तारी दी।
भाजपा के जयपुर में प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान प्रदर्शन कर रहे लोगों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। सोशल डिस्टेंसिंग के अलावा अन्य सभी नियम कायदे धरे रह गए।
गहलोत सरकार संवेदनाएं खो चुकी:पूनिया
इस अवसर पर सतीश पूनिया ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार सो रही है, सारी संवेदनाएं खो चुकी है। विगत 20 महिनों के कांग्रेस शासन में 4 लाख 35 हजार मुकदमे दर्ज हुए हैं। इनमें 11 हजार 200 मुकदमे हत्या,हत्या के प्रयास,बलात्कार, छेड़छाड़, यौन शोषण से सम्बन्धित हैं। पूनिया ने कहा कि राजस्थान शांत प्रदेश था और आज अपराधों की दृष्टि से सर्वाधिक अपराधग्रस्त प्रदेशों में शामिल हो गया है। यह प्रदेश की कांग्रेस सरकार के लिए शर्मनाक है। आज भाजपा ने सभी जिला केन्द्रों पर अपने आप को गिरफ्तारी के लिए प्रस्तुत कर हल्ला बोला और गहलोत सरकार को जगाया।
