अगर यूपीए की सरकार होती तो चीन को 15 मिनट में बाहर उठाकर फेंक देते: राहुल गांधी
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दावा किया कि चीन ‘भारत में घुसकर हमारे जवानों को मारने की हिम्मत कर पाया’ क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को कमजोर कर दिया है। अगर आज केन्द्र में कांग्रेस नीत सम्प्रग की सरकार होती तो चीन, भारत पर बुरी नजर डालने की हिम्मत नहीं कर पाता
एनसीआई@दिल्ली/कुरुक्षेत्र
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारत-चीन सीमा पर गतिरोध को लेकर मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा और कहा कि अगर केन्द्र में कांग्रेस नीत यूपीए की सरकार होती तो पड़ोसी देश भारत पर बुरी नजर डालने की हिम्मत नहीं कर पाता। उन्होंने यह दावा भी किया कि चीन ‘भारत में घुसकर हमारे जवानों को मारने की हिम्मत कर पाया’ क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को कमजोर कर दिया है।
वायनाड से सांसद राहुल ने ‘खेती बचाओ यात्रा’ के तहत कुरुक्षेत्र में एक सभा को सम्बोधित करते हुए कहा, ‘‘सम्प्रग सरकर के समय चीन हमारी सीमा में दाखिल होने की हिम्मत नहीं करता था।’’ राहुल गांधी ने कहा कि अगर आज केन्द्र में कांग्रेस नीत सम्प्रग की सरकार होती तो चीन, भारत पर बुरी नजर डालने की हिम्मत नहीं कर पाता। उन्होंने सवाल किया, ‘‘नरेन्द्र मोदी ने कहा कि चीन हमारी सीमा में नहीं घुसा, फिर हमारे 20 जवान कैसे मारे गए? इन्हें किसने मारा?’’
राहुल गांधी ने किया दावा
राहुल गांधी ने दावा किया, ‘‘पूरी दुनिया में सिर्फ एक देश है जहां की जमीन पर कब्जा कर लिया गया है, लेकिन सरकार कहती है कि वो देशभक्त है। प्रधानमंत्री खुद को देशभक्त कहते हैं और पूरा देश जानता है कि चीन की सेना हमारी सीमा के भीतर है। यह किस तरह की देशभक्ति है?’’ राहुल ने कहा कि हम सरकार में होते तो 15 मिनट से भी कम समय में चीन को बाहर उठाकर फेंक देते।
राहुल गांधी ने कहा कि “चीन में इतना दम कहां से आया? मैं आपको बताता हूं कैसे? चीन को ये मालूम है कि नरेन्द्र मोदी ने हिन्दुस्तान को कमजोर कर दिया है, उसे मालूम है कि कोरोना के समय देश के प्रधानमंत्री फेल हो गए हैं, उसे मालूम है कि मोदी जी ने देश के किसान और मजदूरों को कमजोर कर दिया है।”
कृषि कानून किसानों को खत्म करने का तरीका
राहुल गांधी ने कहा कि पिछले 6 सालों से अगर इन्होंने कोई नुकसान नहीं किया होता तो हम मान भी लेते, लेकिन एक के बाद एक इन्होंने आपका नुकसान किया और फायदा किसी और को दे दिया। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कृषि कानूनों को लेकर कहा कि ये सब आपको खत्म करने का तरीका है। किसान, खेत मजदूर और छोटे व्यापारी के ऊपर ये आक्रमण है। एमएसपी, खाद्य सुरक्षा और मंडियों की व्यवस्था आपको सही दाम और आपकी रक्षा हेतु बनाया गया, जिसे नष्ट किया जा रहा है।
