January 19, 2026

News Chakra India

Never Compromise

स्माइल कार्यक्रम: जिलेभर के शिक्षकों ने ई-टूल्स से लिया प्रशिक्षण

स्माइल कार्यक्रम: जिलेभर के शिक्षकों ने  ई-टूल्स से लिया प्रशिक्षण

एनसीआई@बून्दी
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, बून्दी एवं स्टरलाइट एड इंडिया फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को बून्दी जिले के कक्षा 1 से 12 तक अध्यापन कार्य करवाने वाले शिक्षकों के लिए ऑन लाइन शिक्षक प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को शिक्षा विभाग द्वारा ऑनलाइन शिक्षण के लिए संचालित किए जा रहे ‘स्माइल प्रोग्राम’ व अन्य प्रयासों को सहयोग मिलेगा। ऑन लाइन शिक्षक प्रशिक्षण में जिले भर के करीब 2800 शिक्षकों ने अपनी भागीदारी दी।
सत्र की शुरुआत में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय सहायक निदेशक सतीश कुमार जोशी व अतिरिक्त परियोजना अधिकारी ऋषिराज शर्मा ने कोरोना महामारी से शिक्षण कार्य के प्रभावित होने व बदली हुई परिस्थितियों में ऑन लाइन शिक्षण को सकारात्मक रूप से लेते हुए इसे बेहतर करते हुए बच्चों को सिखाने की प्रक्रिया को निरंतर जारी रखने की बात कही।
स्टरलाइट एडइंडिया फाउंडेशन के प्रशिक्षणकर्ता योगेंद्र दाधीच व चन्दन शर्मा ने ऑन लाइन माध्यम से जुड़कर भागीदारी कर रहे शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया। इसमें कोरोना महामारी के दौरान विद्यालय व उसके हितधारकों (बच्चों, अभिभावकों व शिक्षकों) पर हुए प्रभाव के बारे में बताया। साथ ही इसके लिए किए जा सकने वाले समाधानों पर भी चर्चा की, ताकि शिक्षकों को बदली हुई परिस्थितियों के अनुसार नए सिरे से स्वयं को शिक्षण के लिए तैयार करने का अवसर मिलेगा।
ऑन लाइन प्रशिक्षण के दूसरे सत्र में शुभम गुप्ता ने दीक्षा व प्रज्ञान एप के बारे में जानकारी दी। जयदीप वैष्णव व दैबी सरकार ने ‘ई-टूल्स के माध्यम से प्रभावी शिक्षण’ विषय पर शिक्षकों के साथ विषयवार उदाहरणों को रखते हुए बातचीत की। इस दौरान उन्हें बच्चों के साथ ऑन लाइन शिक्षण कार्य करवाने के दौरान उपयोग की जा सकने वाली विभिन्न गतिविधियों, कार्यपत्रकों व इंटरनेट पर उपलब्ध संसाधनों की जानकारी भी दी। प्रशिक्षण की समाप्ति पर समग्र शिक्षा अभियान बून्दी के कार्यक्रम अधिकारी रमेश चंद्र द्वारा स्टरलाइट एडइंडिया फाउंडेशन के सदस्यों को धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन चन्दन शर्मा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.