January 19, 2026

News Chakra India

Never Compromise

कोटा: दिनदहाड़े युवक को घर से खींच कर बाहर लाए, चाकुओं और लाठियों से ताबड़तोड़ वार किए, मौके पर ही मौत

कोटा: दिनदहाड़े युवक को घर से खींच कर बाहर लाए, चाकुओं और लाठियों से ताबड़तोड़ वार किए, मौके पर ही मौत

एनसीआई@कोटा
शहर के अनंतपुरा थाना इलाके में मंगलवार को बदमाशों ने दिनदहाड़े एक 23 वर्षीय युवक को घर से बाहर निकाल उस पर चाकुओं और लाठियों से ताबड़तोड़ वार किए। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि चार मोटर साइकिलों पर सवार होकर आए 8 बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया। वे धारदार हथियार और लाठियां लेकर आए थे।

चतर गुर्जर (फाइल फोटो)

डीएसपी पंचम कल्पना सोलंकी और थाना अधिकारी देवेश भारद्वाज के अनुसार चतर गुर्जर अजय अहूजा नगर में रहता था। दोपहर को कई बाइकों पर आए बदमाशों ने उसे घर से बाहर खींच कर निकाला। परिजन कुछ समझ पाते इससे पहले ही बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ चाकू और लाठियों से वार करना शुरू कर दिया। इस वारदात को अंजाम दे वे तुरंत अपनी लाठियां लहराते हुए मोटर साइकिलों पर फरार हो गए। इस घटनाक्रम के कुछ हिस्से का ऊपर से एक पड़ोसी ने वीडियो बना लिया। परिजन व पड़ोसी गम्भीर घायल चतर को पास के एक निजी चिकित्सालय में लेकर गए, वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसी बीच सूचना पाकर वहां पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमबीएस अस्पताल पहुंचाया। इस वारदात के मुख्य आरोपी का नाम दिलीप बताया जा रहा है।

वारदात के बाद फरार होते आरोपी


वहीं, दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौका मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों को पकड़ने के लिए शहर में जगह-जगह नाकेबंदी भी करवाई गई है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी आरोपियों की पहचान के लिए खंगाले जा रहे हैं। हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.