January 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

जयपुर: 8 मिनट में 80 लाख रुपए के जेवर लूट ले गए

जयपुर: 8 मिनट में 80 लाख रुपए के जेवर लूट ले गए

एनसीआई@जयपुर
शहर में बैनाड़ रोड पर हथियारबंद तीन बदमाशों ने शनिवार को दिनदहाड़े एक ज्वेलरी शॉप में बड़ी लूट को अंजाम दिया। बदमाश ज्वेलरी शोरूम से करीब 80 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने लूट ले गए। स्कूटी से आए यह बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद ज्वेलर की स्कोर्पियो भी ले भागे‌। बदमाशों ने महज 8 मिनट में इस वारदात को अंजाम दे दिया। वे दोपहर 2 बजकर 4 मिनट पर शोरूम में घुसे थे। वारदात की सूचना मिलने पर डीसीपी व एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। वारदात के बाद पूरे शहर में नाकाबंदी करवा दी गई।
बैनाड़ रोड पर जोरावर नगर में रहने वाले ज्वेलर दिनेश कुमार सैनी का श्री बालाजी ज्वेलर्स के नाम से नाड़ी का फाटक के पास शोरूम है। दिनेश कुमार के मुताबिक, दोपहर करीब 2 बजकर 4 मिनट पर तीन बदमाश मास्क लगाकर शोरूम में घुसे। उस वक्त उनका बेटा रोशन व नौकर कान्हा भी मौजूद था। तीनों बदमाशों ने शोरूम में घुसते ही दिनेश, रोशन और नौकर की कनपटी पर रिवॉल्वर तान दी। बदमाशों ने तीनों से चुपचाप एक कोने में बैठ जाने को कहा।
इसके बाद दो बदमाशों ने शोरूम में रखे सोने- चांदी के जेवरों को एक बैग में भरा। यह बैग बदमाश अपने साथ लेकर आए थे। करीब आठ मिनट शोरूम में लूटपाट के बाद बदमाशों ने ज्वेलर दिनेश सैनी से उनकी स्कार्पियो की चाबी मांगी। इस चाबी को काउंटर से लेकर बाहर पहुंचे। वहां दो बदमाश स्कूटी से भाग गए, जबकि एक बदमाश दिनेश सैनी की स्कार्पियो में ही लूटी गई ज्वैलरी का बैग रखकर वहां से भाग निकला। दिनेश शर्मा ने बताया कि बदमाश करीब 80 से 90 लाख रुपए से ज्यादा की ज्वेलरी लूट ले गए। इस वारदात से आक्रोशित और हताश दुकानदार सड़क पर धरने पर बैठ गया।
दिनेश सैनी ने बताया कि वारदात के बाद उन्होंने अपने बेटे रोशन से कहा कि वह 100 नम्बर पर पुलिस को सूचना दे, जबकि वे खुद सड़क पर पैदल भागते हुए नाड़ी का फाटक पर पहुंचे। वहां ड्यूटी दे रहे यातायात पुलिसकर्मियों को वारदात की सूचना दी। इसके बाद झोटवाड़ा, मुरलीपुरा व करधनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के करीब एक घंटे बाद तलाशी के दौरान पुलिस को लूटी गई स्कार्पियो विश्वकर्मा इलाके में सफेदा फार्म हाउस के पास हाईवे पर लावारिस हालत में मिली है। माना जा रहा है कि यहां से लुटेरे किसी अन्य गाड़ी में भाग निकले। वारदात के बाद पुलिस ने शहर में नाकाबंदी करवा दी। इस दौरान गाड़ियों की चेकिंग की गई।
बदमाश दुकान व मार्केट में लगे हुए अन्य सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए हैं, मगर वह मास्क लगाए हुए थे। म हालांकि, वह मास्क लगाए हुए थे। इसलिए उनके चेहरों को पहचानना मुश्किल हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.