बैंसला विरोधी गुर्जर नेता हिम्मत सिंह का बड़ा आरोप: लोगों से पैसा ऐंठ रहे बैंसला और उनका बेटा
एनसीआई@जयपुर/भरतपुर
गुर्जर आरक्षण आंदोलन के चलते पीलूपुरा स्थित रेलवे ट्रेक पर पांचवें दिन भी कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला समर्थक गुट का कब्जा बना रहा। लेकिन, इस बीच नहरा क्षेत्र के पंच-पटेलों के गुर्जर नेता हिम्मत सिंह ने बुधवार को कर्नल किरोड़ी बैंसला और उनके पुत्र विजय पर बेरोजगारों को नौकरी दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपए ऐंठने जैसा गम्भीर आरोप लगा सनसनी फैला दी। साथ ही गुर्जरों के इस गुट ने कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला से आंदोलन समाप्त कर रेलवे ट्रेक खाली करने की अपील भी की।
पंच-पटेलों के गुर्जर नेता हिम्मत सिंह ने कर्नल बैंसला ट्रस्ट का अकाउंट सार्वजनिक किए जाने की मांग करते हुए कहा कि बेरोजगारों से लिया पैसा वापस नहीं करना पड़े, इसीलिए बैंसला नए सिरे से समझौता लिखवाने की मांग कर रहे हैं। इस आरोप पर कर्नल बैंसला के पुत्र विजय का कहना है कि फाउंडेशन ट्रस्ट से गरीब शहीद परिवारों को हर माह 6000 रुपए दिए जाते हैं। उनके ऊपर लगाए गए सारे उपाय निराधार हैं।
आईजी और कलक्टर से बयाना में की मुलाकात
बयाना में केम्प के दौरान बुधवार शाम को गुर्जर समाज के पंच-पटेलों ने जिला कलक्टर नथमल डिडेल और आईजी संजीव नार्जरी से मुलाकात कर सरकार द्वारा 14 बिंदुओं पर किए गए समझौते को समाज हित में बताया। उन्होंने गुर्जरों के सर्वमान्य मुखिया कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला से आंदोलन को समाप्त कर रेलवे ट्रेक खाली करने की अपील भी की।
6 दिन से इंटरनेट बंद, लोग परेशान
गुर्जर आरक्षण आंदोलन के चलते पीलूपुरा स्थित रेलवे ट्रेक पर पांचवें दिन भी कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला समर्थक गुर्जरों का कब्जा बना रहा।आंदोलन के कारण करौली-भरतपुर जिले में पिछले 6 दिनों से इंटरनेट है। इसके अलावा, सवाईमाधोपुर, दौसा, जयपुर की 5 तहसील और अलवर में कुछ जगह इंटरनेट बंद है। इससे स्टूडेंट्स और वर्क फ्रॉम होम कर रहे लोगों को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। गुर्जर 4 दिन से ट्रेक पर बैठे हैं। साथ ही, रोडवेज के हिंडौन, करौली डिपो पर बसें भी नहीं चल पा रही हैं। ऐसे में इन क्षेत्रों के बाहर आने-जाने वाले लोगों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
