March 10, 2026

News Chakra India

Never Compromise

पंचायत और जिला परिषद चुनाव: प्रत्याशियों की घोषणा के लिए भाजपा में सुबह से मंथन

एनसीआई@जयपुर
राज्य के 21 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार तय करने को भाजपा का सुबह से शुरू हुआ मंथन देर शाम तक भी जारी था। भाजपा मुख्यालय में सुबह 10 बजे से इसके लिए प्रदेश स्तरीय चुनाव संचालन समिति की बैठक शुरू हुई थी। इसमें अजमेर सम्भाग के चुनाव प्रभारी और सह प्रभारी से चर्चा की जा रही है।
बैठक में भाजपा के सहसंगठन मंत्री वी. सतीश, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, कैलाश चौधरी, उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद हैं। इससे पहले शुक्रवार देर शाम को बीकानेर सम्भाग के प्रभारियों संग बैठक हुई थी, जिसमें प्रभारियों से फीडबेक लिया और प्रत्याशियों के लिए सूची मांगी।
सूत्रों के अनुसार, प्रत्याशियों के चयन के लिए लगातार तीन दिन से चल रहा बैठकों का दौर आज थम जाएगा। उम्मीद है कि रात तक सभी 21 जिलों में प्रत्याशियों के नामों का निर्धारण कर सिम्बल जारी कर दिए जाएंगे। हालांकि नामों का ऐलान प्रदेश मुख्यालय स्तर से न करके सम्बन्धि जिलों के अध्यक्षों व प्रभारियों के स्तर पर जिलों में ही किया जाएगा।
9 नवम्बर को नामांकन का आखिरी दिन
चार चरणों में होने वाले इन चुनावों के लिए 4 नवम्बर से नामांकन पत्र भरने शुरू हो गए थे। नामांकन पत्र भरने का 9 नवम्बर को आखिरी दिन है। 8 नवम्बर को रविवार का अवकाश रहेगा। ऐसे में सम्भावना है कि आज रात तक भाजपा अपने सभी उम्मीदवारों (जिला परिषद सदस्य व पंचायत समिति सदस्य) के नामों की सूची जारी कर देगी।
इन 21 जिलों में होंगे चुनाव
अजमेर, बांसवाड़ा, बाड़मेर, भीलवाड़ा, बीकानेर, बून्दी, चित्तौडगढ़, चूरू, डूंगरपुर, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जालौर, झालावाड़, झुंझुनूं, नागौर, पाली, प्रतापगढ़, राजसमंद, सीकर, टोंक और उदयपुर।
ये रहेंगे चुनाव के चार चरण
पहला चरण: 23 नवम्बर 2020
दूसरा चरण: 29 नवम्बर 2020
तीसरा चरण: 01 दिसम्बर 2020
चौथा चरण: 05 दिसम्बर 2020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.