January 25, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान के मंत्री मास्टर भंवर लाल मेघवाल का निधन

एनसीआई@जयपुर
राजस्थान सरकार में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री मास्टर भंवर लाल मेघवाल का करीब 71 वर्ष की उम्र में गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में आज कुछ देर पहले निधन हो गया। 6 माह से वे वहां पर वेंटिलेटर पर थे।
चूरू जिले के सुजानगढ़ से विधायक वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मास्टर भंवर लाल मेघवाल को 13 मई को ब्रेन हेमरेज होने से एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां से तबीयत अधिक खराब होने से उन्हें 15 मई को मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया गया था। वहां उन्हें एअरलिफ्ट कर ले जाया गया था। इसी बीच आज शाम को उनके निधन की खबर आई। इस सूचना से कांग्रेस पार्टी में भारी शोक की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मास्टर भंवरलाल को ट्वीट कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही 17 नवम्बर (मंगलवार) को राजकीय शोक की घोषणा भी की गई है। साथ ही विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता गुलाबचंद कटारिया ने भी मास्टर भंवरलाल मेघवाल को बहुत ही बेहतरीन व्यक्ति व नेता बताते हुए श्रद्धांजलि दी है।
उल्लेखनीय है कि कुछ समय पूर्व ही उनकी पुत्री चूरू की पूर्व जिला प्रमुख बनारसी मेघवाल का कोरोना से निधन हो गया था। मास्टर भंवरलाल मेघवाल को जब ब्रेन हेमरेज हुआ था, उस समय बनारसी ने ही उनकी देखभाल की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.