January 25, 2026

News Chakra India

Never Compromise

अर्नब गोस्वामी की मुश्किल बढ़ाने वाले शिवसेना विधायक के बारे में ईडी ने किया यह बड़ा दावा

एनसीआई@मुम्बई
रिपब्लिक टीवी के एडिटर-इन-चीफ अर्नब गोस्वामी के खिलाफ विशेषाधिकार उल्लंघन का प्रस्ताव लाने वाले शिवसेना विधायक प्रताप सरनाईक के ठिकानों पर हाल ही में ईडी ने छापेमारी की है। ईडी ने दावा किया है कि शिवसेना विधायक प्रताप सरनाईक ने टॉप्सग्रप नाम की एक सिक्योरिटी सर्विस प्रोवाइडर को 175 करोड़ का कॉन्ट्रेक्ट दिलवाने के बदले 7 करोड़ रुपए की घूस ली।
सूत्रों के अनुसार विहंग एडवरटाइजिंग के डायरेक्टर और प्रताप सरनाईक के करीबी अमित चंदोले प्रताप सरनाईक की ओर से टॉप्सग्रप से हर महीने 6 लाख रुपए एकत्रित कर रहे थे। अमित चंदौले को ईडी ने गिरफ्तार भी कर लिया है।
करोड़ों की सम्पत्ति के मालिक हैं प्रताप 
ओवला-मजीवाड़ा से शिवसेना के विधायक प्रताप सरनाईक करोड़ों की सम्पत्ति के मालिक हैं। प्रताप सरनाईक विहंग ग्रुप ऑफ कम्पनीज के मालिक भी हैं। 2019 में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दौरान दिए गए चुनावी हलफनामे के मुताबिक प्रताप सरनाईक और उनकी पत्नी के पास 25 करोड़ रुपए की चल-अचल सम्पत्ति है। जिसमें लगभग 12 करोड़ रुपए की चल सम्पत्ति और 13 करोड़ रुपए की अचल सम्पत्ति शामिल है। इसके अलावा उन पर 10 करोड़ रुपए से अधिक की देनदारी भी है।
लेंड क्रूजर जैसी गाड़ियों से चलते हैं
चुनावी हलफनामे के मुताबिक प्रताप सरनाईक के पास लेंड क्रूजर और इनोवा जैसी गाड़ियां हैं। इसके अलावा उनके पास दो रिवॉल्वर हैं, जिनमें एस एंड डब्ल्यू रिवॉल्वर भी शामिल है। चुनावी हलफनामे के मुताबिक प्रताप सरनाईक के पास ठाणे में चार और मुम्बई में भी एक आवासीय भवन है। प्रताप सरनाईक के पास महाराष्ट्र के वर्धा जिले में कृषि भूमि भी है। इसके अलावा उनके पास ठाणे में गैर-कृषि भूमि भी है।
कंगना पर बयान को लेकर भी चर्चा में रहे
कुछ महीने पहले शिवसेना विधायक प्रताप सरनाईक बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत पर ट्वीट को लेकर भी चर्चा में रहे थे। उन्होंने सितम्बर में एक ट्वीट करते हुए कहा था कि सांसद संजय राउत ने कंगना को नम्रता भरे शब्दों से समझा दिया है, अगर फिर भी वो यहां (मुम्बई) आती हैं तो हम उसका मुंह तोड़ देंगे। मैं गृहमंत्री से मांग करता हूं कि कंगना के खिलाफ राजद्रोह का केस दर्ज हो, क्योंकि उन्होंने इंडस्ट्रियल और सेलिब्रिटी बनाने वाली मुम्बई की पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर से तुलना की है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने प्रताप सरनाईक की गिरफ्तारी की मांग की थी‌।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.