झालावाड़: रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार 10 वर्षीय बालिका सहित तीन जनों की मौत
एनसीआई@झालावाड़
जिले में आज देर शाम हुए एक भीषण सड़क हादसे में 3 जनों की मौके पर ही मौत हो गई।मृतकों में एक 10 वर्षीय बालिका भी शामिल है।
यह हादसा झालावाड़ खानपुर मेगा हाईवे पर हुआ। इसमें बाघेर कस्बे के समीप बारां से झालावाड़ की ओर आ रही एक रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार दो व्यक्ति और एक 10 वर्षीय बालिका की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की जेब से मिले पहचान पत्र के आधार पर मृतक अकलेरा कस्बे के रामनगर क्षेत्र के निवासी बताए गए।
हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एम्बुलेंस की मदद से तीनों मृतकों के शव झालावाड़ जिला चिकित्सालय भेजे गए। वहीं रोडवेज बस चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
जिले में बीते 48 घंटों में यह दूसरा बड़ा सड़क हादसा है। इससे पूर्व भी गुरुवार शाम गंगधार थाना क्षेत्र के जेताखेड़ी के समीप एक कार ने बाइक सवार लोगों को कुचल दिया था, जिसमें चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। आज भी हुए सड़क हादसे में 3 लोगों की जान चली गई। हालांकि दोनों ही सड़क हादसों में बाइक चालकों की भी लापरवाही कम नहीं रही, क्योंकि दोनों ही सड़क हादसों में बाइक सवार किसी भी व्यक्ति ने हेलमेट नहीं लगा रखे थे, वरना किसी की जान बच सकती थी।
