February 16, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजसमंद विधायक किरण माहेश्वरी का कोरोना से निधन, मेदांता अस्पताल में ली अंतिम सांस

एनसीआई@जयपुर/उदयपुर/कोटा
राजस्थान में बेलगाम हो रहे कोरोना संक्रमण (COVID-19) ने प्रदेश के एक और विधायक को लील लिया। पूर्व मंत्री एवं बीजेपी की वरिष्ठ नेता, राजसमंद विधायक किरण माहेश्वरी ने देर रात हरियाणा के गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। इनसे पहले भीलवाड़ा के सहाड़ा से विधायक (कांग्रेस) कैलाश त्रिवेदी का कोरोना से निधन हो गया था। माहेश्वरी के निधन पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित बीजेपी-कांग्रेस के कई नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
किरण जी का निधन बेहद दुखद:बिरला
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विधायक किरण माहेश्वरी के निधन पर शोक जताया है। बिरला ने अपने ट्वीट में कहा कि ” बहन किरण जी का निधन बेहद दुखद है। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज की सेवा और हितों को संरक्षित करने के लिए समर्पित किया। मेरे लिए उनका निधन व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें। परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। किरण जी के साथ राजनीतिक-सामाजिक जीवन में लम्बे अरसे तक काम किया। सामाजिक विषयों विशेषतया महिलाओं व वंचित वर्गों के अधिकारों की वे सशक्त आवाज थीं। दीन-दुखियों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहने वाली किरण जी को उनकी निर्भीकता व स्पष्टवादिता के लिए सदैव याद किया जाएगा।”
नगर निगम चुनाव में हुईं थीं संक्रमित
विधायक माहेश्वरी नगर निगम चुनाव के दौरान अक्टूबर माह में कोटा में कोरोना से संक्रमित हुई थीं। वे बीजेपी की कोटा उत्तर नगर निगम की चुनाव प्रभारी थी। माहेश्वरी के निधन के बाद अब प्रदेश में विधायकों के तीन पद रिक्त हो गए हैं। इससे पहले सहाड़ा से विधायक कैलाश त्रिवेदी का कोरोना के कारण निधन हो गया था। वहीं उसके बाद हाल में गहलोत कैबिनेट के वरिष्ठ मंत्री भंवरलाल मेघवाल का लम्बी बीमारी के बाद मेदांता अस्पताल में निधन हो गया था। मेघवाल चूरू जिले की सुजानगढ़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.