January 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

घर में गांजा मिला, कॉमेडियन भारती सिंह गिरफ्तार, पति से भी पूछताछ जारी

एनसीआई@मुम्बई
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने शनिवार को कॉमेडियन भारती सिंह को करीब 4 घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जांच एजेंसी ने शनिवार सुबह भारती और उनके पति हर्ष के घर और दफ्तर पर ड्रग्स मामले में छापेमारी की थी, जिसके बाद दोनों को एनसीबी दफ्तर पूछताछ के लिए बुलाया था। एनसीबी ने भारती सिंह के घर से गांजा भी बरामद किया था। जांच एजेंसी के एक अधिकारी ने छापेमारी के बाद बताया कि यह तलाशी बॉलीवुड जगत में ड्रग्स के कथित उपयोग की एनसीबी द्वारा की जा रही जांच के तहत की गई है।
कॉमेडियन भारती की गिरफ्तारी की पुष्टि एनसीबी ने एक बयान जारी करके की है। जांच एजेंसी ने बताया कि एनसीबी ने भारती सिंह के प्रोडक्शन ऑफिस और घर पर छापेमारी की थी। इसमें 86.5 ग्राम गांजा बरामद किया गया था। भारती और उनके पति हर्ष दोनों ने गांजा के सेवन की बात स्वीकार की है। भारती सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है और हर्ष से पूछताछ जारी है।
इससे पहले, अधिकारी ने बताया था कि एनसीबी के जोनल निदेशक समीर वानखेड़े के नेतृत्व में एक टीम ने विशेष जानकारी के आधार पर भारती सिंह के अंधेरी स्थित लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स स्थित आवास की तलाशी ली। उनके घर से थोड़ी मात्रा में ड्रग्स बरामद किया गया है। उन्होंने कहा, ”सिंह का नाम एक ड्रग कारोबारी से पूछताछ के दौरान सामने आया था।”
अर्जुन रामपाल से भी हो चुकी है पूछताछ
बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन रामपाल से ड्रग्स केस के एक मामले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने 13 नवम्बर को को करीब 7 घंटे तक पूछताछ की थी। एनसीबी की पूछताछ के बाद रामपाल ने संवाददाताओं से कहा था कि ड्रग्स से मेरा कोई लेना देना नहीं है। मेरे आवास पर जो दवाइयां मिली थीं, उनकी पर्ची मेरे पास है और पर्ची को एनसीबी अधिकारियों को सुपुर्द किया जा रहा है। वहीं, अर्जुन रामपाल के विदेशी दोस्त पॉल बार्टल को 12 नवम्बर को पूछताछ के बाद एनसीबी ने अगले दिन गिरफ्तार कर लिया था। अभिनेता के बांद्रा में आवास पर छानबीन के बाद एनसीबी ने रामपाल और उनकी पार्टनर डेमेट्रिएडेस को तलब किया था। एजेंसी ने लेपटॉप, मोबाइल फोन और टेबलेट आदि इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त करने के साथ ही रामपाल के वाहन चालक से भी पूछताछ की थी। एनसीबी ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से आधिकारिक सूचना मिलने के आधार पर हिंदी फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों के ड्रग्स लेने और रखने के मामले जांच शुरू की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.