राजस्थान:मंडप में आने से पहले गायब हुई दुल्हन, घरवालों ने पड़ोसी युवक पर लगाया अपहरण का आरोप
एनसीआई@दौसा
जिले के लालसोट थाना क्षेत्र के चांदसेन गांव में देवउठनी एकादशी के दिन फेरों से ठीक पहले दुल्हन के गायब हो जाने से हड़कम्प मच गया। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की मगर उसका सुराग नहीं मिला। इस मामले में थाने में पड़ोसी युवक के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, बारात दुल्हन के दरवाजे पर पहुंची, तब उसके परिवार को उसके गायब होने का पता चला। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। दुल्हन को आसपास तलाशा गया, मगर उसका कोई सुराग नहीं मिला। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद काफी बाराती वापस लौट गए। वहीं दूल्हे सहित परिवार- समाज के अनेक बाराती दुल्हन के वापस आने के इंतजार में चांदसेन में ही डटे रहे।
पूरे मामले में दुल्हन के परिजनों की ओर से पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर उसके अपहरण का शक जताया गया है।
थानाधिकारी राजबीर सिंह ने बताया कि बाबूलाल महावर ने पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। जिसमें उन्होंने बताया कि उनकी बेटी चंदा महावर (19) की बुधवार को शादी थी। जिसे पड़ोस में रहने वाला युवक लोकेश गुर्जर और उसका साथी अपहरण कर भगा ले गए।
