मेदांता अस्पताल में भर्ती थे, वहां से लोगों को देते थे चेतावनी, खुद ने कोरोना से जंग हारी
एनसीआई@बून्दी
जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है, साथ ही मौतों का भी। इसी क्रम में आज भी यहां 31 नए संक्रमित केस सामने आए। वहीं विजयवर्गीय समाज के जिला अध्यक्ष गोपीकृष्ण विजय ने सायं करीब साढ़े सात बजे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में कोरोना से दम तोड़ दिया। इनका 34 दिन दिन से वहां आईसीयू वार्ड में उपचार चल रहा था। आज 35 वें दिन वे यह जंग हार गए।
गोपीकृष्ण विजयवर्गीय के निधन का समाचार सुनते ही विजयवर्गीय समाज के अलावा उनके सभी परिचितों में भारी शोक की लहर दौड़ गई। कट्टर हिंदू विचारधारा से ओतप्रोत गोपीकृष्ण इस सम्बन्ध में लगातार सोशल मीडिया पर एक्टिव रहते थे। धार्मिक व सामाजिक संदेश डालते रहते थे।
आईसीयू से भी देते थे लोगों को सतर्क रहने की सलाह
समाजसेवी माधव प्रसाद विजयवर्गीय ने बताया कि गोपीकृष्ण ट्रेजरी से रिटायर हो चुके थे। इसके बाद उनकी पत्नी ने भी सरकारी अध्यापिका से स्वेच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली थी। उनके दो पुत्रियां हैं, इनका विवाह हो चुका है। रजतगृह कॉलोनी निवासी गोपीकृष्ण 60 वर्ष से अधिक आयु के थे। वह अपनी आदत के अनुसार मेदांता अस्पताल में कोरोना संक्रमण से लड़ाई लड़ते हुए भी धार्मिक संदेशों के अलावा लोगों को कोरोना संक्रमण की चपेट में आने से बचने के लिए भी सलाह देते रहते थे। इसके लिए वह खुद की गम्भीर स्थिति का हवाला भी देते थे, ताकि लोग हालात को अच्छी तरह समझ सकें। इसी क्रम में उन्होंने 2 दिसम्बर को फेसबुक पर लिखा था कि,’ कृपया कोरोना पर असावधानी न बरतें, पॉजिटिव हुए 24 दिन तो हो ही गए पर कोई सुधार नहीं,भारी लंग इन्फेक्शन अलग। अभी भी मेदांता की आईसीयू यूनिट में।’
जिले में आज मिले 31 नए संक्रमित रोगियों के आंकड़े के साथ यहां कोरोना मरीजों का कुल आंकड़ा बढ़कर 2537 हो गया हो गया है। इनमें से 2177 स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं वर्तमान में 347 एक्टिव रोगी भी हैं। मौतों का आंकड़ा बढ़कर 14 हो गया है।
