February 16, 2026

News Chakra India

Never Compromise

मौसम के सबसे सर्द दिन में ठंड से ठिठुरी दिल्ली, जानिए अगले 5 दिन उत्तर भारत में कैसा होगा हाल


Image Source : PTI
Weather News

दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में शीत लहर का प्रकोप जारी है। जम्मू कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के कई इलाकों में जहां बर्फबारी के बीच तापमान कई दिनों से शून्य से नीचे चल रहा है। वहीं मैदानी इलाकों में भी ठंड का प्रकोप जारी है। दिल्ली में रविवार को इस मौसम (Weather News in India) का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में मौसम की सबसे सर्द सुबह रही और लोधी रोड पर तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। दूसरी ओर राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पंजाब हरियाणा के मैदानी इलाकों में भीषण ठंड पड़ रही है। राजस्थान के सर्वोच्च हिल स्टेशन माउंट आबू में लगातार चार दिनों से पारा —1.5 से नीचे चल रहा है। 

आईएमडी की ओर से बताया गया कि बर्फ से ढके पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र से चलने वाली बर्फीली हवाओं के कारण शहर में ठंड का प्रकोप बरकरार है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच से छह दिन तक न्यूनतम तापमान करीब पांच डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पंजाब हरियाणा में भी शीत लहर से कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। 

कश्मीर में 40 दिन का चिल्लई कलां शुरू 

जम्मू कश्मीर में विभिन्न स्थानों पर न्यूनतम तापमान में रविवार को थोड़ा सुधार हुआ लेकिन घाटी में रात में पारा शून्य से नीचे बना हुआ है। वहीं 40 दिन का चिल्लई कलां का दौर सोमवार से शुरू होने जा रहा है जिस दौरान जबर्दस्त सर्दी पड़ती है। मौसम विज्ञान केंद्र के अधिकारियों ने बताया कि आसमान में बादल छाए रहने की वजह से कल रात समूची कश्मीर घाटी में तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई लेकिन न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। उन्होंने कहा कि सर्दी की वजह से घाटी के कई इलाकों में पानी की लाइनें और जलाशयों में पानी जम गया। 

पंजाब, हरियाणा में भीषण ठंड

पंजाब और हरियाणा में पिछले कुछ दिन से सर्द हवाओं का प्रकोप जारी है और मौसम विभाग के अनुसार आदमपुर में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया जो शून्य डिग्री सेल्सियस के स्तर पर रहा। आदमपुर जहां पंजाब में सबसे ठंडा स्थान रहा, वहीं अमृतसर में भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। हरियाणा में नारनौल सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया। राजस्थान के ज्यादातर इलाकों में भी कड़ाके की सर्दी से मामूली राहत मिली है जहां बीती शनिवार रात न्यूनतम तापमान माउंट आबू में शून्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

राजस्थान लुढ़का पारा 

मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों में राजस्थान के ज्यादातर भागों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने और सोमवार से राज्य में शीतलहर से राहत मिलने का अनुमान व्यक्त किया है। प्रदेश के मैदानी इलाकों में चुरू में यह मामूली सुधार के साथ 1.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा सीकर में 2.0 डिग्री सेल्सियस, भीलवाड़ा में यह 2.8 डिग्री सेल्सियस, पिलानी में 2.9 डिग्री सेल्सियस, चित्तौड़गढ़ में 4.0 डिग्री सेल्सियस, वनस्थली में 5.2 डिग्री सेल्सियस, श्रीगंगानगर में 5.9 डिग्री सेल्सियस व कोटा में 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में रात का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा हालांकि रविवार को भी सुबह से ही अच्छी धूप खिली रही।





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.