रिश्वत लेते पकड़े गए कोर्ट के रीडर व वरिष्ठ सहायक को जेल भेजा
एनसीआई@कोटा
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) कोटा शहर की टीम ने रिश्वत लेते पकड़े गए रीडर व वरिष्ठ सहायक को बुधवार को अदालत में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। एसीबी ने मंगलवार शाम न्यायालय एसीजेएम क्रम संख्या 1 के रीडर गोपाल प्रसाद जैन को 500 रुपए की रिश्वत लेते तथा वरिष्ठ सहायक सुरेश जाट को सत्यापन के दौरान एक दिन पूर्व सोमवार को ली गई 1000 रुपए की रिश्वत के मामले में गिरफ्तार किया था।
उल्लेखनीय है कि परिवादी एडवोकेट शहजाद अली खान ने सोमवार को एसीबी में शिकायत दी थी कि न्यायालय एसीजेएम.1 कोटा में रीडर गोपाल प्रसाद जैन मुकदमों की तारीख देने, जमानत मुचलके तस्दीक करने के लिए क्लाइन्ट्स से 500 से 1000 रुपए की रिश्वत मांगता है। रुपए नहीं देने पर बदतमीजी करता है तथा केस बिगाड़ने की धमकी देता है। रीडर गोपाल प्रसाद जैन व वरिष्ठ सहायक सुरेश जाट ने सोमवार को परिवादी व उसके क्लाइंट जाहिद खान से एसीबी के सत्यापन के दौरान एक हजार रुपए की रिश्वत ली थी। मंगलवार को पुन: गोपनीय सत्यापन करवाया गया। इसमें आरोपी रीडर ने परिवादी से पेश इस्तगासे में नजदीकी तारीख पेशी दिलाने की एवज में रिश्वत की मांग की। ट्रेप के दौरान रीडर गोपाल प्रसाद जैन ने परिवादी से 500 रुपए की रिश्वत ली। इस मामले में दोनों को एसीबी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
