पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष महिपत सिंह हाड़ा व उनके पुत्र सहित 4 जने पार्टी से निष्कासित
एनसीआई@बून्दी
बून्दी जिला प्रमुख के चुनाव में पार्टी में हुई बगावत और क्रॉस वोटिंग के मामले में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष की सहमति से महामंत्री भजन लाल शर्मा ने बड़ा फैसला किया है।
इस फैसले में पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष महिपत सिंह हाड़ा सहित उनके पुत्र एवं हिंडोली विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रत्याशी रहे ओमेंद्र सिंह हाड़ा, भाजपा के टिकट पर जिला परिषद सदस्य चुनाव जीते शक्तिसिंह हाड़ा व भाजपा के टिकट पर चुनाव जीत निर्दलीय के रूप में कांग्रेस के समर्थन से जिला प्रमुख बनीं चंद्रावती हाड़ा को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।
यहां उल्लेखनीय है कि चंद्रावती तो जिला प्रमुख बनते ही कांग्रेस में शामिल हो गई थीं, इसलिए उनका निष्कासन तो औपचारिकता मात्र है। साथ ही बड़ी बात यह भी है कि किसी भी स्तर पर आशा नहीं की जा रही थी कि भाजपा नेतृत्व महिपतसिंह हाड़ा जैसे बड़े राजपूत चेहरे के खिलाफ इतना कड़ा एक्शन लेने की हिम्मत जुटा पाएगा।
