लानत है: कड़ाके की सर्दी में नवजात को ठेले पर लावारिस छोड़ गए मां-बाप, किलकारी सुन राहगीर ने पुलिस बुलाई
एनसीआई@जोधपुर
8 डिग्री सेल्सियस की कड़कड़ाती ठंड में कोई मां-बाप अपनी नवजात बच्ची को ठेले पर लावारिस छोड़ गए। बरकतुल्ला खां स्टेडियम के पास नवजात बच्ची कपड़े में लिपटी मिली। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने इसे उम्मेद अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में उसे राजस्थान शिशु गृह में दाखिल करवा दिया। 15 से 25 दिन के बीच की लग रही यह बच्ची स्वस्थ है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से बच्ची को लाने वालों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। इस बारे में शास्त्रीनगर थाने में केस दर्ज हुआ है।
कार्यवाहक थानाधिकारी मंगलेश चूंडावत ने बताया कोई व्यक्ति स्टेडियम के पास ठेले पर बच्ची को छोड़ गया। वहां से गुजरने वाले एक व्यक्ति ने बच्ची के रोने की आवाज सुनी। इस पर उसने पास जाकर देखा तो कपड़ों में लिपटी बच्ची को देख वह चौंक उठा। उसने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन जब कोई आगे नहीं आया तो फिर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची,जहां ठेले पर एक बच्ची रखी हुई थी। बच्ची को तुरंत उम्मेद अस्पताल ले जाया गया। फिर चेकअप कर सीडब्ल्यूसी को सूचना दिया। बाद में पुलिस ने राजस्थान हाईकोर्ट से विशेष अनुमति लेकर इसे देखरेख के लिए लव-कुश बाल गृह पहुंचा दिया। यह बच्ची अब यहीं देखरेख में है। थानाधिकारी ने बताया कि घटना को लेकर केस दर्ज किए जाने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज से बच्ची को लाने वाले का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
