March 10, 2026

News Chakra India

Never Compromise

धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में 5 कॉमेडियन गिरफ्तार, अमित शाह के खिलाफ भी की थी टिप्पणी

धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में 5 कॉमेडियन गिरफ्तार, अमित शाह के खिलाफ भी की थी टिप्पणी

एनसीआई@इंदौर
मध्यप्रदेश पुलिस ने हिन्दू देवी-देवताओं का अपमान करने के आरोप में इंदौर में गिरफ्तार किए गए पांचों स्टेंड-अप कॉमेडियन शनिवार को अदालत के समक्ष पेश किए गए। पुलिस ने जिन्हें गिरफ्तार किया है उनमें, मुनव्वर फारुकी, एड्विन एंथोनी, प्रखर व्यास, प्रियम व्यास और नलिन यादव शामिल हैं। ये सभी इंदौर में एक कैफे में नए साल के कार्यक्रम में लोगों का मनोरंजन कर रहे थे।
हिन्दू रक्षक संगठन के एक सदस्य ने कार्यक्रम के दौरान इसका विरोध किया और जमकर हंगामा खड़ा कर दिया। गौरतलब है कि कॉमेडियन ने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ भी कथित रूप से टिप्पणी की थी।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि कॉमेडियन पर हिन्दू देवी-देवताओं, रीति-रिवाजों और अमित शाह के खिलाफ अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी का आरोप लगाया गया है। जानकारी के मुताबिक, सभी आरोपियों को पुलिस स्टेशन ले जाया गया। कथित तौर पर उनके साथ मारपीट भी की गई और बाद में उनके खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज की गई।
इस घटना का एक वीडियो क्लिप भी वायरल हो रहा है, जिसमें भीड़ ने कॉमेडियन पर हमला किया है। हालांकि थाना प्रभारी कमलेश शर्मा ने कहा कि उन्हें हमले की कोई जानकारी नहीं है। हिन्दू रक्षक संस्था के संयोजक एकलव्य सिंह गौड़ ने शर्मा के आरोपों का समर्थन किया है।
पांचों को भारतीय दंड संहिता की धारा 295-ए (जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कृत्यों से धार्मिक भावनाओं को अपमानित करना), 298 (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से जानबूझकर किया गया), 269, 188 और 34 के तहत दर्ज किया गया है।
प्राथमिकी के अनुसार, कैफे में कार्यक्रम बिना अनुमति के आयोजित किया गया था और किसी भी सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन नहीं किया गया था। इसमें कथित तौर पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने के लिए कथित रूप से अश्लील चुटकुले और भड़काऊ टिप्पणी की गई थी।
उप महानिरीक्षक हरिनारायणचारी मिश्रा ने कहा कि पांचों आरोपियों को प्राथमिकी के आधार पर गिरफ्तार किया गया। इन्हें शनिवार अदालत के सामने पेश किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.