146 कबूतर चोरी, पुलिस दर्ज नहीं कर रही एफआईआर, 5 हजार रुपए एक कबूतर की कीमत
एनसीआई@सीकर
यहां के एक थाने में बहुत दिलचस्प मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार एक दो मंजिला मकान की छत से एक-दो नहीं बल्कि 146 कबूतर अचानक गायब हो गए। कबूतर पालने वाला इतनी संख्या में गायब हुए कबूतरों की शिकायत लेकर थाने पहुंचा, लेकिन पुलिस उसकी बात पर भरोसा ही नहीं कर रही है। इसके बाद मजबूर पीड़ित खुद अपने कबूतर तलाशने में जुट गया है।
मामले के अनुसार एक शख्स ने रंगबिरंगे कबूतरों को पाला, करीब 148 कबूतर जमा भी हो गए। मगर 31 दिसम्बर की आधी रात को इनमें से 146 कबूतर गायब हो गए। इस मामले में पीड़ित का कहना है कि किसी के छत पर कूदने की आवाज आई थी। इस पर जाकर देखा तो कोई नजर नहीं आया, लेकिन दो कबूतरों को छोड़कर सभी कबूतर गायब थे। मगर पुलिस है कि उसकी बात पर भरोसा नहीं कर रही है।
मामला उद्योगनगर थाना पुलिस इलाके का है। क्षेत्र में रहने वाला एक शख्स रमजान खान सफेद और दूसरे रंग बिरंगे कबूतर पालता था। रात को उसके घर की छत पर किसी के कूदने की आवाज आई, युवक ऊपर तो गया, लेकिन जहां कबूतर थे वहां पर सर्दी के कारण नहीं जा पाया। सुबह देखा तो छत पर महज दो ही कबूतर थे। इस प्रकार करीब 146 कबूतर लापता थे। इसके बाद वह थाने पहुंचा। उसका आरोप है कि पुलिस उसकी शिकायत को गम्भीरता से नहीं ले रही है। कोई चोर उसकी छत पर आया और कबूतरों को चुरा ले गया। एक कबूतर करीब दो से पांच हजार रुपए की कीमत का था।
इस मामले में पुलिस का कहना है कि शिकायतकर्ता दो मंजिल की छत पर कबूतर बता रहा है। वहां पर चढ़ने और उतरने का एक ही रास्ता है। ऐसे में इतनी बड़ी संख्या में कबूतरों का चोरी होना नामुमकिन है। उसे कबूतर उड़ जाने की आशंका के कारण जांच करने के लिए कहा गया है, यदि फिर भी वह शिकायत देता है तो मामला दर्ज कर जांच करेंगे।
