अनंतपुरा क्रिकेट एकेडमी और हिन्द क्लब ने जीते मैच
भारती के लगातार दूसरे शतक और मोहम्मद अफ्फान के 5 विकेट लेने से बढ़ा रोमांच
एनसीआई@कोटा
कोटा जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित की जा रही सीनियर ए डिवीजन क्रिकेट लीग प्रतियोगिता में आज बुधवार को जेके पेवेलियन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पर अनंतपुरा क्रिकेट एकेडमी बनाम दादाबाड़ी क्लब के मध्य तथा रेलवे वर्कशॉप क्रिकेट ग्राउंड पर हिन्द क्लब बनाम राइवल क्लब के मध्य मैच खेले गए।
कोटा जिला क्रिकेट संघ के सचिव ने बताया कि आज खेले गए मैच में अनंतपुरा क्रिकेट एकेडमी में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। सलामी बल्लेबाज नरेन्द्र सिंह तोमर ने धुआंधार 93 रनों की पारी खेली, जबकि दिव्य प्रताप सिंह ने 59 और सावन ने 16 रन बनाए। अनंतपुरा की पूरी टीम 35.5 ओवर में 235 रनों पर पवेलियन लौट गई। दादाबाड़ी की ओर से गेंदबाजी करते हुए जयसिंह ने चार विकेट लिए, जबकि जस्सी ने तीन और मनीष पारेता ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दादाबाड़ी क्लब की टीम की ओर से अमित बैरवा ने 120 रनों की शतकीय पारी खेली, जबकि जयसिंह ने 25 रन बनाए। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई की संख्या तक भी नहीं पहुंच सका। पूरी टीम 32.4 ओवर में 186 रन पर ही सिमट गई। अनंतपुरा की ओर से गेंदबाजी करते हुए अशोक सिंह ने 3 तथा दिव्य प्रताप और शुभम ने 2-2 विकेट लिए। अनंतपुरा ने यह मैच 49 रन से जीत कर सुपर लीग के लिए क्वालीफाई कर लिया।
वहीं, रेलवे वर्कशॉप क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए दूसरे मैच में राइवल क्लब ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। मगर उसका यह फैसला गलत साबित हुआ। थोड़ी-थोड़ी देर में ही टीम के विकेट गिरते गए। बल्लेबाजी करते हुए आशीष सक्सेना ने 50 रन बनाए। दीपेन्द्र ने 48 और हिमांशु ने 16 रन की पारी खेली। राइवल क्लब की टीम 34 ओवर में 155 रन बना कर ऑल आउट हो गई। हिन्द क्लब की ओर से गेंदबाजी करते हुए मोहम्मद अफ्फान ने 7 ओवर में 33 रन देकर पांच विकेट लिए, जबकि दुष्यंत और अर्पित को एक-एक विकेट मिला।
156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिन्द क्लब की टीम ने कप्तान संजय भारती के नाबाद 104 रन की शतकीय पारी और विशाल के 41 रनों की बदौलत 23.3 ओवर में 1 विकेट पर 159 रन बनाकर 9 विकेट से मैच जीत लिया। राइवल क्लब के अपूर्व जेठी को एकमात्र सफलता मिली। पूर्व रणजी ट्रॉफी क्रिकेट खिलाड़ी अमर सिंह नेगी ने 5 विकेट लेने वाले मोहम्मद अफ्फान को मैच बॉल भेंट की।
जेके पेवेलियन अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पर मैच के बाद राजस्थान क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष अमीन पठान ने खिलाड़ियों से मुलाकात की। साथ ही विजेता टीम को बधाई देकर सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
कोटा जिला क्रिकेट संघ के सचिव ने बताया कि गुरुवार को जेके पेवेलियन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पर ब्रिलियंट क्लब का मुकाबला भारत क्लब से और रेलवे वर्कशॉप क्रिकेट ग्राउंड पर यूनिक अकेडमी का मुकाबला इंडियन क्लब से होगा।
