December 14, 2025

News Chakra India

Never Compromise

सीरम इंस्टीट्यूट में लगी आग, 5 लोगों की मौत, भारी नुकसान

सीरम इंस्टीट्यूट में लगी आग, 5 लोगों की मौत, भारी नुकसान

एनसीआई@मुम्बई
पुणे के सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के नए प्लांट में गुरुवार को भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस विभीषिका में 5 लोगों की बुरी तरह जलने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह पांचों इस नए प्लांट में काम कर रहे कामगार थे।
उल्लेखनीय है कि सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ही कोरोना वैक्सीन कोविशिल्ड बना रही है। इसकी आपूर्ति भारत सहित कई देशों में की जा रही है। राहत की बात यह रही कि आग नए प्लांट में लगी है, जहां अभी वैक्सीन का उत्पादन शुरू नहीं हुआ है। महाराष्ट्र सरकार ने इस हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि जानकारी के अनुसार, आग नियंत्रण में है। कोविड वैक्सीन की यूनिट में आग नहीं लगी थी। मैंने कलक्टर और नगर निगम आयुक्त से बात की है। आग लगभग नियंत्रण में है, केवल धुआं है। 6 लोगों को बचाया गया है। सीएम ठाकरे ने कहा कि इमारत में बीसीजी वैक्सीन बनती थी, इसका कोविशील्ड वैक्सीन से लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच होगी।
वहीं, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने कहा कि हमने जांच के आदेश दे दिए हैं। मैं प्रशासन के साथ लगातार सम्पर्क में हूं। देश और दुनिया भर में इस घटना को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है। अजीत पवार ने कहा कि मैं यह स्पष्ट करना चाहूंगा कि वैक्सीनेशन प्लांट सुरक्षित है।
नौ लोगों को सुरक्षित निकाला
दूसरी ओर चीफ फायर ऑफिसर ने कहा कि दमकल विभाग को ढाई बजे आग की सूचना मिली। हम मौके पर पहुंचकर आग को बुझाने में जुटे। पहले हमने 9 लोगों की बचाया। स्थिति पर नियंत्रण पाने के बाद हमें इमारत की पांचवीं मंजिल पर 5 शव मिले।
हमें गहरा दुख
इस हादसे पर सीरम इंस्टीट्यूट के सीईओ अदार पूनावाला ने कहा कि हमें अभी कुछ परेशान करने वाले अपडेट मिले हैं। दुर्भाग्य से घटना में कुछ लोगों की जान गई है। हमें गहरा दुख हुआ है और मृतकों के परिवार के सदस्यों के प्रति हमारी गहरी संवेदना है।
आग पर पाया गया काबू
मौके पर पहुंचीं दमकल विभाग की 15 गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया। आग पुणे के मंजरी में स्थित सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के नए प्लांट में लगी थी। पिछले साल ही केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने इस प्लांट का उद्घाटन किया था, लेकिन अभी इस प्लांट में वैक्सीन का उत्पादन नहीं शुरू हो पाया है।
यह रही राहत की बात
कोरोना वैक्सीन कोविशिल्ड का प्रोडक्शन सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के नए प्लांट से करीब एक से दो किलोमीटर दूर स्थित पुराने प्लांट में किया जा रहा है। इस प्लांट का निर्माण 1996 में किया गया था। यहीं पर कोविशिल्ड वैक्सीन का प्रोडक्शन हो रहा है। कोविशिल्ड का बड़े पैमाने पर प्रोडक्शन करने की तैयारी नए प्लांट से थी, जिसका कुछ हिस्सा आग की चपेट में आ गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.