December 9, 2025

News Chakra India

Never Compromise

बीमार भाई की देखरेख के लिए छुट्‌टी चाही तो निरीक्षक ने मांगी अस्मत, महिला सफाईकर्मी ने जमकर पीटा

बीमार भाई की देखरेख के लिए छुट्‌टी चाही तो निरीक्षक ने मांगी अस्मत, महिला सफाईकर्मी ने जमकर पीटा
आरोपी सफाई निरीक्षक धर्मेंद्र गहलोत महिला सफाई कर्मियों के साथ (फाइल फोटो)

एनसीआई@जोधपुर
जोधपुर नगर निगम में महिला सफाई कर्मचारियों के शोषण की एक बड़ी बानगी सोमवार को सामने आई। इसके अनुसार नगर निगम (उत्तर) में तैनात एक सफाई निरीक्षक एक विधवा सफाई कर्मचारी से अवकाश के बदले अस्मत ही मांग बैठा। दरअसल, इस महिला सफाईकर्मी का भाई बीमार था और वह अवकाश के लिए गिड़गिड़ा रही थी। लेकिन, निरीक्षक का दिल नहीं पसीजा और वह अपनी मांग पर अड़ा रहा।
इस बीच महिला के इस बीमार भाई की मौत हो गई। इसके बाद आज सुबह आक्रोशित महिला सफाई कर्मचारियों ने निरीक्षक की भदवासिया स्थित कार्यालय में जमकर धुनाई कर डाली। मामले ने तूल पकड़ा तो निगम अधिकारियों ने आरोपी सफाई निरीक्षक धर्मेन्द्र गहलोत को मौजूदा वार्ड-61 से हटा दिया। यह वार्ड महापौर कुंती देवड़ा का है।
नगर निगम के भदवासिया स्थित कार्यालय से जुड़े वार्ड नंबर- 61 में काम करने वाली 27 साल की विधवा सफाई कर्मचारी का भाई गम्भीर अवस्था में आईसीयू में भर्ती था। इस कारण वह एक दिन बिना सूचना दिए काम पर नहीं जा सकी। अगले दिन उसने फोन कर सफाई निरीक्षक धर्मेन्द्र गहलोत से छुट्‌टी मांगी। इस पर धर्मेद्र महिला से अपनी बात करता रहा। उसने महिला को प्रलोभन दिया कि वह उसे बीमार भाई के इलाज के लिए रुपए की कमी नहीं आने देगा। साथ ही अवकाश के बदले हाजरी भी लगा देगा। बस वह एक बार उसे हां बोल दे।
सिर्फ यही नहीं, आरोपी गहलोत के दो ऑडियो भी वायरल हो रहे हैं। इसमें वह महिला कर्मचारी से कह रहा है- ‘मैं तेरे को पसंद करता हूं, तू करती है या नहीं, मेरे साथ रिलेशन रखना है या नहीं।’ वहीं, एक अन्य ऑडियो में वह महिला से कह रहा है कि- ‘मेरा एक प्रस्ताव है, हां है या न।’ लेकिन महिला बार-बार कहती रही कि उसका भाई बहुत बीमार है और वह फिलहाल कोई बात करने की स्थिति में नहीं है। लेकिन धर्मेन्द्र अपनी बात पर अड़ा रहा। इसके बाद महिला ने कहा कि वह उसकी सीएल लगा दे और फोन काट दिया।
इस बीच सफाई कर्मचारी के बीमार भाई की मौत हो गई। इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी अन्य सफाई कर्मचारियों को लगने पर आज सुबह महिला सफाई कर्मचारियों ने आक्रोशित होकर धर्मेन्द्र की उसके कार्यालय में जमकर धुनाई की। बाद में कुछ लोगों ने बीच-बचाव करके उसे छुड़ाया।
महिला कर्मचारी ने बताया कि धर्मेन्द्र उसे फोन कर लगातार परेशान कर रहा था। कई बार रात को भी फोन कर लगातार दोस्ती करने का दबाव डाल रहा था। मामला तूल पकड़ते देख भदवासिया स्थित निगम कार्यालय के मुख्य निरीक्षक मदन सिंह ने तुरंत इसकी रिपोर्ट अपने मुख्यालय भेजी। निगम कमिश्नर ने धर्मेन्द्र को तुरंत वार्ड से कार्यमुक्त कर दिया। साथ ही मामले की पूरी जांच कर कड़ा एक्शन लेने का आश्वासन भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.