कोरोना फिर हुआ तेज, कोटा में सबसे अधिक रोगी मिले
एनसीआई@जयपुर/कोटा
राजस्थान के कोटा में आज शुक्रवार को लम्बे समय बाद एक साथ मिले 60 कोरोना पॉजिटिव मरीजों ने कोटा प्रशासन के साथ राज्य सरकार तक को हिला कर रख दिया है। राज्य में आज कुल 149 कोरोना संक्रमित मिले हैं, इनमें सबसे अधिक संख्या कोटा के मरीजों की ही रही।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग जयपुर की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार आज कोटा में मिले 60 नए कोरोना संक्रमितों के साथ अब जिले में ऐसे मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 20 हजार 68 हो गई है। इनमें से 19 हजार 718 रोगी स्वस्थ हो चुके हैं। आज भी 28 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किया गया। कोटा में अब तक 169 संक्रमितों की मौत हुई है। अब जिले में 181 एक्टिव केस हैं।
60 में से 10 ही जिले के, बाकी बाहरी मरीज
जानकारी में आया है कि शहर में रेलवे स्टेशन, एमबीएस हॉस्पिटल, जेके लोन हॉस्पिटल व भामाशाह मंडी के अलावा सुल्तानपुर में भी कोरोना जांच के लिए सेम्पल लिए गए थे। सीएमएचओ डॉ. बीएस तंवर के अनुसार स्टेशन पर 274 सेम्पल लिए गए थे। इनमें से 50 सेम्पल पॉजिटिव पाए गए। इनमें से भी 14 मरीजों के एड्रेस नहीं मिल पाने से उन्हें ट्रेस नहीं कर पा रहे हैं। यहां मिले कोरोना संक्रमितों में कोचिंग स्टूडेंट्स, आर्मी मेन व अन्य कामगार शामिल हैं। डॉ. तंवर के अनुसार केवल 10 मरीज ही जिले के हैं।
इन जिलों में भी मिले कोरोना संक्रमित
रिपोर्ट के अनुसार राज्य में आज मिले कुल 149 कोरोना पॉजिटिव मरीजों में से उदयपुर में 13, नागौर में 5, जोधपुर में 13, जयपुर में 17, बांसवाड़ा में 9, अजमेर व भीलवाड़ा में 4-4 तथा बीकानेर में 6 मरीज मिले।
