March 10, 2026

News Chakra India

Never Compromise

कोटा: बेरहमी से व्यक्ति की हत्या, रस्सी से पैर बांधे, मुंह में कपड़ा ठूंसा, फिर तेज आवाज में टीवी चलाया

कोटा: बेरहमी से व्यक्ति की हत्या, रस्सी से पैर बांधे, मुंह में कपड़ा ठूंसा, फिर तेज आवाज में टीवी चलाया

एनसीआई@कोटा

कोटा में रेलवे कॉलोनी इलाके के लक्ष्मी विहार में 48 साल के एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्यारों ने मृतक के पैर रस्सी से बांधे। मुंह में कपड़ा ठूंसा। ऊपर से मुंह पर कपड़ा रखकर गले में बांध दिया। गुरुवार दोपहर तक जब वह व्यक्ति घर के बाहर नहीं निकला तब उसकी हत्या होने का पता चला। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वायड, एफएसएल को जांच के लिए मौके पर बुलाया गया।

घर में अकेला रहता था

पुलिस के मुताबिक, मृतक का नाम दौलतराम (48) है। वह घर में अकेला रहता था। दो साल पहले उसकी मां का निधन हो गया था। पत्नी से तलाक हुए करीब 15 से 20 साल हो गए। दौलतराम कॉन्फेक्शनरी बेचने का काम करता था। उसने घर के बाहर भी दुकान लगा रखी थी। बुधवार रात 8 बजे के आसपास लोगों ने दौलतराम को आखिरी बार देखा था।

मौत से पहले संघर्ष के निशान

घर के जिस कमरे में दौलतराम की लाश मिली, वहां हत्यारों के साथ संघर्ष के भी निशान मिले। कमरे में रखा सामान बिखरा हुआ था। पुलिस को शक है कि हत्यारों की संख्या दो या तीन रही होगी। हत्यारों के दौलतराम से परिचित होने का भी शक है। हालांकि, अभी यह पता नहीं चल पाया है कि बदमाश घर से कुछ लूट कर ले गए या नहीं?

देर रात हुई हत्या

पुलिस के मुताबिक, दौलत राम की हत्या देर रात में हुई, ऐसा इसलिए कि शव के आसपास पड़ा हुआ खून जम चुका था। हत्या का पता गुरुवार दोपहर 1 बजे के बाद लगा। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे घर को बाहर से लॉक करके चले गए। बदमाशों ने टीवी भी ऑन करके आवाज तेज कर दी। फिर घर का बाहर से लॉक लगाकर फरार हो गए। रात से दोपहर 1 बजे तक टीवी चालू रहा। दौलतराम के दिखाई नहीं देने पर पड़ोसियों ने दरवाजा खटखटाया। तब घटना का पता चला।

रिश्तेदारों ने बताया कि दौलतराम घर मे अकेला रहता था। कभी-कभी वो रिश्तेदारों के यहां खाना खाता था। उसका किसी से पैसों का लेनदेन भी नहीं था न ही किसी से कोई दुश्मनी थी। पुलिस ने दौलतराम के मोबाइल को जब्त कर लिया है। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.