62 साल के बीजेपी विधायक बीए की परीक्षा देने पहुंचे
एनसीआई@उदयपुर
दूसरी बार विधायक बने 62 वर्षीय बीजेपी नेता फूल सिंह मीणा अब बीए की पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने इसमें विषय भी पॉलिटिकल साइंस चुना है। मंगलवार को उनका पेपर था। हालात के चलते बचपन में स्कूल की पढ़ाई बीच में ही छोड़ देने वाले मीणा पहले पार्षद व फिर विधायक बन गए। लेकिन पढ़ाई न कर पाने की कसक उनके दिल में रही। इसी बीच उनकी बेटियों ने उन्हें वापस पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित किया।
वर्धमान महावीर ओपन यूनिवर्सिटी के उदयपुर सेंटर पर पेपर देने पहुंचे फूल सिंह मीणा ने कहा कि राजनीति के साथ पढ़ाई भी काफी जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए मैंने 40 साल बाद फिर से पढ़ाई शुरू की थी। इससे भी आगे उन्होंने तो बीए पास करने के बाद पीएचडी की तैयारी करने की बात भी कही। यह अलग बात है कि उन्हें इसके लिए पहले निश्चित नम्बरों के साथ एमए करना पड़ेगा।
मीणा ने बताया कि पहली बार विधायक बनने के बाद उन्हें स्कूलों में होने वाले कार्यक्रमों में बुलाया जाता था तो बच्चों के सामने भाषण देते वक्त काफी शर्मिंदगी महसूस होती थी। मुझे लगता था मैं खुद पढ़ा-लिखा नहीं हूं और इन्हें पढ़ने की शिक्षा देता हूं। अब मुझे ऐसा नहीं लगता। मैं जहां भी जाता हूं, छोटे बच्चों के साथ बड़ों को भी पढ़ने की सलाह देता हूं। मीणा ने बताया कि पिता की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी आ जाने से उन्हें स्कूली पढ़ाई छोड़नी पड़ी थी। परिवार चलाने के लिए वे खेती करने लगे। 2013 में उन्होंने पहली बार विधायकी का चुनाव लड़ा। इसमें जीत भी गए। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बेटियों से मिली प्रेरणा से उन्होंने फिर पढ़ाई शुरू की। फूल सिंह मीणा उदयपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से दूसरी बार बीजेपी के विधायक बने हैं। इससे पहले वह उदयपुर नगर निगम में पार्षद थे।
बेटियों को पढ़ाने में कसर नहीं छोड़ी
मीणा ने बताया कि बेटियों ने 2013 में ओपन स्कूल से 10 वीं कक्षा के लिए फार्म भरवा दिया। विधायक बनने के बाद व्यस्तता बढ़ गई और वह 2014 में परीक्षा नहीं दे पाए। बेटियों ने 2015 में फिर से फार्म भर दिया। इस बार उन्होंने 10वीं की परीक्षा पास कर ली। इसके बाद 2016-2017 में वह 12वीं में पास हो गए। अभी वह ग्रेजुएशन में लास्ट इयर की परीक्षा दे रहे हैं।
मीणा भले खुद अब अपनी पढ़ाई पूरी कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने अपनी पांचों बेटियों को पढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। 4 बेटियां पोस्ट ग्रेजुएशन कर चुकी हैं। एक बेटी पुणे में लॉ कर रही है। दिन भर कार्यक्रमों रहने के बाद जब वह घर पहुंचते हैं तो बेटियां उन्हें पढ़ाती हैं।
अच्छे नम्बर लाने वाली छात्राओं कराते हैं हवाई सफर
फूल सिंह मीणा सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं को 80% से ज्यादा अंक लाने पर प्लेन का सफर कराते हैं। वे 2016 से यह मुहिम चला रहे हैं। मीणा अब तक 50 से ज्यादा छात्राओं को प्लेन से जयपुर ले जा चुके हैं। वहां उन्हें विधानसभा भवन दिखाने ले जाते हैं। छात्राओं को मुख्यमंत्री और अधिकारियों से भी मिलवाया जाता है।
