निःशुल्क महिला स्वास्थ्य जांच शिविर: महिलाओं को मिला स्वस्थ रहने का बड़ा मंत्र
एनसीआई@कोटा
जेसीआई कोटा प्राइड के तत्वावधान में आज बुधवार शाम 5 बजे जॉनी वॉकर कैफे में संस्था की अध्यक्ष जेसी डॉ. कौशाम्बी वालिया की ओर से निःशुल्क महिला स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इसमें पांच युवतियां सहित कुल 25 महिलाएं लाभान्वित हुईं।
जेसी डॉ. कौशाम्बी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस निःशुल्क महिला स्वास्थ्य जांच शिविर में महिलाओं की सभी तरह की स्वास्थ्य जांचें की गईं। इनमें ओरल हेल्थ चेक अप (गुहाएं,गणना आदि), रेंडम ब्लड यूजी शुगर (RBS), रक्तचाप (ब्लड प्रेशर), मोटापे से ग्रस्त महिलाओं के लिए आहार की सलाह, डायबिटिक फुट विश्लेषण, बीएमआई, सीबीसी, एलएफटी, केएफटी व आरएच टेस्ट शामिल रहे। डॉ. कौशाम्बी के अनुसार इन जांचों का शुल्क वैसे तो 5000 रुपए होता है, मगर शिविर में ये जांचें बिलकुल निःशुल्क की गईं।
शिविर में राजावत डायग्नोस्टिक सेंटर के सहयोग से कुलदीप और लकी परेटा ने ये जांचें कीं।
हर माह दंत चिकित्सक से परामर्श लें
जेसी डॉ. कौशाम्बी का कहना है कि भारत में लोगों को मुंह से सम्बन्धित बीमारियां काफी अधिक हैं, लेकिन वे इसे गम्भीरता से नहीं लेते हैं। इसलिए यह आवश्यक है कि हर माह डेंटिस्ट (दंत चिकित्सक) से परामर्श लिया जाए। यह भी जाना जाए कि क्या लोग वास्तव में वही खाते हैं, जो उन्हें वास्तव में खाना चाहिए।
जेसी डॉक्टर कौशाम्बी ने शिविर में महिलाओं को यह भी बताया कि अपने फिटनेस रहस्य के बारे में जानें। दूसरों से ईर्ष्या करने की बजाए यह देखें कि आप क्या खाते हैं। क्योंकि जो आप खाते हैं, वैसा ही आपका शरीर बनता है।
