राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग ने वसीम रिज़वी को भेजा नोटिस, बिना शर्त माफी मांगने को कहा
वसीम रिजवी
आयोग ने वसीम रिजवी को बिना शर्त माफी मांगने और अपना बयान वापस लेने को कहा है। अगर वसीम ऐसा नहीं करते तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एनसीआई@लखनऊ
शिया वक्फ बोर्ड (Shia Waqf Board) के पूर्व चेयरमैन वसीम रिज़वी (Waseem Rizvi) की कुरान से 26 आयतों को हटाने वाली उनकी पीआईएल (PIL) के खिलाफ लोगों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस पर आज राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग (National Minorities Commission) ने भी वसीम रिज़वी को एक नोटिस भेजकर 21 दिन में जवाब मांगा है। वरना उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आयोग ने अपने भेजे नोटिस में वसीम रिज़वी द्वारा कुरान को लेकर सुप्रीम कोर्ट में दायर की गई पीआईएल पर नाराजगी भी जाहिर की गई है। आयोग ने वसीम रिज़वी की विवादित टिप्पणियों और धार्मिक भावनाओं को आहत करने पर उन्हें यह नोटिस जारी किया है। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग ने वसीम रिज़वी को बिना शर्त माफी मांगने और अपना बयान वापस लेने को कहा है।
आयोग ने माना:रिज़वी का बयान धार्मिक भावनाएं आहत करने वाला
आयोग ने पत्र जारी करते हुए कहा है कि यह एक्शन अब्दुल मजीद निजामी, अली रजा जैदी, मोहम्मद फैजान चौधरी और मौलाना सैयद नजर अब्बास की शिकायत पर लिया गया है। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग ने भी माना कि मीडिया में दिया गया वसीम रिज़वी का कुरान को लेकर बयान धार्मिक भावनाएं आहत करने वाला और देश का माहौल खराब करने वाला है।
आयोग ने कहा:सोची समझी साजिश
आयोग ने यह भी कहा है कि वसीम रिज़वी ने सोची-समझी साजिश के तहत ऐसा बयान दिया है और देश में आपसी सौहार्द बिगाड़ने वाला बयान है। इससे पहले भी वसीम रिज़वी के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन हो रहे हैं। राजधानी लखनऊ में तो शिया मौलाना कल्बे जवाद ने वसीम रिज़वी की गिरफ्तारी की मांग की थी और लखनऊ के बड़े इमामबाड़े पर एक विशाल जनसभा को सम्बोधित किया था।
