March 10, 2026

News Chakra India

Never Compromise

विवादित एएसआई सुगम कुमार ने थाना परिसर में ली 20 हजार की रिश्वत, रंगे हाथों दबोचा गया

विवादित एएसआई सुगम कुमार ने थाना परिसर में ली 20 हजार की रिश्वत, रंगे हाथों दबोचा गया

एनसीआई@कोटा

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) कोटा ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए भीमगंजमंडी थाने के विवादित एएसआई सुगम कुमार को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। उसने यह रिश्वत थाना परिसर में ही ली, वहीं उसे दबोच लिया गया।

मामले के अनुसार सुगम कुमार ने परिवादी दर्शन मीणा से 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी, मगर सौदा 30 हजार रुपए में तय हुआ। इस बात की शिकायत मीणा ने एसीबी में की। इस पर कार्रवाई करते हुए थाना परिसर में ही एएसआई सुगम कुमार को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते एसीबी टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। उल्लेखनीय है कि सुगम कुमार कुछ दिनों पूर्व आधी रात को शहर के वरिष्ठ पत्रकार सुबोध जैन के घर दीवार लांघ कर बिना किसी एफआईआर और वारंट के दलबल के साथ घुस जाने से विवादों में आया था। आरोपों के अनुसार उस समय सुबोध जैन घर पर नहीं मिले तो सुगम कुमार ने उनके परिजनों से काफी अभद्रता की। साथ ही उनके आईटी इंजीनियर पुत्र को बेवजह शांतिभंग में गिरफ्तार कर थाने ले आया था। वहीं सुबोध जैन के घर के बाहर हंगामा कर रहे उनके ही समाज के लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं की।‌ माना जा रहा है कि इन्हीं लोगों से विवादों के चलते व इनसे मिलीभगत के कारण ही एएसआई सुगम कुमार ने यह नाजायज कार्रवाई की थी। वे लोग करीब 3 घंटे तक सुबोध जैन के घर के बाहर हंगामा करते रहे थे।

इस मामले को लेकर पत्रकारों में भारी आक्रोश पैदा हो गया था। इस पर उनके प्रतिनिधिमंडल ने आईजी रवि दत्त गौड़ को ज्ञापन दे आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्यवाही किए जाने की मांग की थी। राजस्थान पत्रकार संघ (जार) भी इस मामले में सामने आया था। इस मामले की जांच अभी तक जारी है।‌ मगर इससे पूर्व भी सुगम कुमार जेल पहुंच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.