पार्षद ममता शर्मा के प्रयास से अस्पताल को मिलीं 3 व्हील चेयर, 5 अन्य की स्वीकृति
एनसीआई@बून्दी
वार्ड पार्षद ममता शर्मा के प्रयासों से 2 भामाशाहों के द्वारा जिला चिकित्सालय को आज 3 व्हील चेयर प्राप्त हो गई हैं, वहीं अन्य भामाशाह से 5 व्हील चेयर की स्वीकृति भी मिल गई है। इससे रोगियों के साथ उनके परिजनों को भी काफी राहत मिलेगी।

सामान्य चिकित्सालय, बून्दी के कुछ मरीजों से वार्ड पार्षद ममता शर्मा को ज्ञात हुआ कि अस्पताल में व्हील चेयर की काफी कमी होने से विशेषकर कोरोना मरीजों व उनके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गम्भीर मरीजों को वार्ड तक ले जाने तथा कोविड वार्ड में भर्ती मरीजों को बाथरूम तक ले जाने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। इस पर वार्ड पार्षद ममता शर्मा ने प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रभाकर विजय से बात की। डॉ. प्रभाकर ने बताया कि अस्पताल परिसर में 10 व्हील चेयर की व्यवस्था हो जाए तो मरीजों को काफी राहत मिलेगी। तब ममता शर्मा ने कुछ भामाशाहों से बात की तो वे सहर्ष अपना सहयोग देने को तैयार हो गए। इसी क्रम में जेसीआई अध्यक्ष साधना न्याति द्वारा उनके पति भानु न्याति के जन्मदिन के उपलक्ष्य में दो व्हील चेयर व रामावतार शर्मा के द्वारा एक व्हील चेयर अस्पताल में भिजवा दीं। वहीं अन्य भामाशाह भी पांच व्हील चेयर देने को तैयार हो गए हैं। वार्ड पार्षद शर्मा ने कहा कि आगे भी वह अपना पूरा प्रयास जारी रखेंगी। गौरतलब है कि ममता शर्मा इससे पहले से ही जरूरतमंद कोरोना मरीजों को ऑक्सीमीटर, नेबुलाइजर, सेनेटाइजर मशीन आदि भी उपलब्ध करवा रही हैं। इसके लिए उन्होंने अपने मोबाइल नम्बर जारी कर रखे हैं।
