December 5, 2025

News Chakra India

Never Compromise

बूंदी : दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की 10 मोटर साइकिलें बरामद, और भी खुलासे की उम्मीद

बूंदी : दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की 10 मोटर साइकिलें बरामद, और भी खुलासे की उम्मीद

एनसीआई@बूंदी

बूंदी पुलिस ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इन आरोपियों से अभी पूछताछ जारी है। इसमें और भी कई चोरी की वारदातें खुलने की सम्भावना है। जिला पुलिस अधीक्षक शिवराज मीना ने यह जानकारी दी।

एसपी मीना ने बताया कि, जिले में हो रही चोरी की वारदातों के मद्देनजर किशोरीलाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बूंदी के मार्गदर्शन में समस्त थानाधिकारियों को अपने थाना स्तर पर टीमें गठित कर घटनाओं का खुलासा कर अपराधियों को पकड़ने व वारदातों पर प्रभावी रोकथाम के निर्देश दिए गए थे।‌ इसी क्रम में आज रविवार को थाना दबलाना में वृताधिकारी वृत हिंडोली श्यामसुंदर विश्नोई के सुपरविजन व थानाधिकारी दबलाना पुलिस निरीक्षक शंकरलाल की टीम ने प्रयास कर, सूचना के आधार पर 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इस प्रकार चोरी की वारदातों का यह बड़ा खुलासा हुआ है।

एसपी मीना ने इस घटना का विवरण देते हुए बताया कि, लाल चंद पुत्र श्योजी लाल माली, उम्र 45 साल, निवासी रानीपुरा ने थाना दबलाना में रिपोर्ट दी थी कि 8 जुलाई की रात उसके घर के आंगन में खड़ी हुई उसकी मोटर साइकिल कोई चोरी कर ले गया। लालचंद ने यह भी बताया कि जब वह रिपोर्ट दर्ज कराने आ रहा था तो रास्ते में पड़ने वाले बाल गांव में केसरा पुत्र रामचंद्र बैरवा मिला। उसने भी उसी रात उसकी मोटर साइकिल भी चोरी हो जाने की बात कही। यह रिपोर्ट आईपीसी की धारा 379 में दर्ज कर अनुसंधान प्रारम्भ किया गया।‌ साथ ही इसके खुलासे के लिए टीम गठित की गई।

एसपी शिवराज मीना ने बताया, एएसपी बूंदी किशोरी लाल व डीएसपी बूंदी श्यामसुंदर विश्नोई के सुपरविजन व मार्गदर्शन में थानाधिकारी दबलाना शंकरलाल के नेतृत्व में यह टीम गठित की गई। इसने घटना के खुलासे के प्रयास शुरू किए। मुखबिरों से प्राप्त सूचना, पुराने मुकदमों में वांछित अभियुक्तों को तलाश कर पूछताछ करने तथा वाहन चोरों के सम्बन्ध में सूचना एकत्रित की गई। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों का तकनीकी विश्लेषण व अनुसंधान किया गया।‌ इसी दरमियान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध लड़के बाला गांव के पास खड़े हैं तथा चोरी की मोटर साइकिल की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। इस पर थानाधिकारी दबलाना शंकरलाल मय टीम मौके पर पहुंचे।‌ वहां मिले राजू लाल पुत्र बहादुर सिंह कंजर, उम्र 23 साल, निवासी दरिया खेड़ी, कंजर कॉलोनी, थाना सदर, जिला झालावाड़ व बलवीर पुत्र कालिया कंजर, 35 साल, निवासी शंकरपुरा, थाना दबलाना को पकड़ कर पूछताछ की गई। इसके आधार पर झालावाड़ व विभिन्न स्थानों से 10 मोटर साइकिलें बरामद की गईं। ये मोटर साइकिलें थाना दबलाना, सदर व हिंडोली इलाके से चोरी करना बताया गया। गिरफ्तार आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है। इसमें कई और चोरी की वारदातों का खुलासा होने की सम्भावना है। आरोपियों से पूछताछ में उनके एक और साथी सुरेश पुत्र नंदा कंजर, उम्र 20 साल, निवासी बिरिया खेड़ी, कंजर कॉलोनी, थाना सदर, जिला झालावाड़ का भी चोरियों में शामिल होना सामने आया है। इस पर उसकी तलाश की जा रही है।

एसपी शिवराज मीना ने बताया कि, इस अहम कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में पुलिस निरीक्षक थानाधिकारी दबलाना शंकरलाल, सहायक उपनिरीक्षक हरीश शर्मा, हेड कांस्टेबल महेंद्र पाल सिंह, कांस्टेबल राजेंद्र चौबदार, विक्रम सिंह, जितेंद्र सिंह व नरेश थाना दबलाना, कांस्टेबल सुरेश थाना सदर, जिला झालावाड़, हेड कांस्टेबल, साइबर सेल बूंदी, टीकम राठौड शामिल रहे। इसमें हेड कांस्टेबल महेंद्र पाल सिंह व कांस्टेबल विक्रम सिंह की विशेष भूमिका रही। एसपी मीना ने बताया कि घटना का खुलासा करने वाली टीम को अलग से पुरस्कृत किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.