कोटा: आकाशीय बिजली बच्चों पर यमदूत बन गिरी, 4 की मौत, 5 घायल
एनसीआई@कोटा
जिले में कनवास तहसील के गरड़ा गांव में आकाशीय बिजली ने दो सगे भाइयों सहित चार बच्चों की जान ले ली। वहीं 5 बच्चे झुलस गए। इनका उपचार जारी है। ये बच्चे बकरियां चराने के लिए गांव के बाहरी इलाके में गए हुए थे, जहां यह हादसा हो गया। इसमें करीब एक दर्जन बकरियां भी झुलस गईं। इनमें से कई की मौत हो गई। दो अन्य मृतक बच्चे भी पड़ोस में ही रहते थे।
इस हादसे की सूचना मिलने पर कनवास एसएचओ मुकेश त्यागी कोटा में चल रही क्राइम मीटिंग छोड़कर कनवास की ओर रवाना हो गए। वे कनवास मोर्चरी पहुंचे।यहां मृत बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम किया जा रहा था। इस हादसे में घायल एक बच्चे का इलाज कनवास के सरकारी चिकित्सा केंद्र में चल रहा है, जबकि 4 बच्चों के परिजन निजी क्लिनिक पर इलाज करवा रहे हैं। मुकेश त्यागी का कहना है कि दोपहर ढाई बजे के आसपास बारिश शुरू हुई तो ये बच्चे बकरियों के साथ एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए । उस पेड़ के ऊपर ही बिजली गिरी, जिसकी चपेट में यह सब आ गए। सूचना मिलने पर एसडीएम राजेश डागा भी मौके के लिए रवाना हो गए। उन्होंने पीड़ित परिवार को राज्य सरकार की तरफ से निर्धारित राशि 4 लाख देने का आश्वासन दिया है।
एक साथ गांव के चार बच्चों की मौत से गरड़ा गांव में मातम पसर गया है। जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है, उनका रो-रोकर बुरा हाल है। जिन बच्चों की मौत हुई है, उनमें 2 सगे भाई 16 वर्षीय विक्रम और 13 वर्षीय अखराज हैं। दो अन्य 12 वर्षीय राधेश उर्फ बाबला और 16 वर्षीय उर्जन हैं। मृत बच्चे उर्जन का भाई विशाल भी घायल है, जिसका कनवास के सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। एसएचओ मुकेश त्यागी के अनुसार जो 5 बच्चे घायल हैं, वे खतरे से बाहर हैं। ये बच्चे बारिश के दौरान पेड़ के नीचे रुकने की बजाए पास के एक मंदिर में चले गए थे, इसीलिए बच गए।
