भुवनेश्वर की नन्ही आयशा पण्डा बूंदी में आयोजित इस प्रतियोगिता में बनी विजेता
प्रतिपाल कौर स्मृति राष्ट्रीय पर्यावरण मित्र पोस्टर प्रतियोगिता का परिणाम जारी, उदयपुर की चार्वी, गुजरात के सतीश कुमार तथा बूंदी की मानवी और प्रियांशी ने भी बाजी मारी
एनसीआई@बूंदी
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरणीय सरोकारों के प्रति अपने विचारों की अभिव्यक्ति और बालक-बालिकाओं को प्रकृति से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित की गई प्रतिपाल कौर स्मृति राष्ट्रीय पर्यावरण मित्र पोस्टर प्रतियोगिता का परिणाम गुरमीत सिंह तथा उमंग संस्थान की अध्यक्ष सविता लौरी द्वारा जारी किया गया।
उमंग संस्थान की ओर से पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस ऑनलाइन पोस्टर प्रतियोगिता का परिणाम जारी करते हुए प्रतिपाल कौर मेमोरियल ट्रस्ट के अध्यक्ष गुरमीत सिंह ने बताया कि इसके कनिष्ठ वर्ग में उदयपुर की चार्वी माहेश्वरी ने प्रथम स्थान तथा बूंदी की मानवी शर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वरिष्ठ वर्ग में उड़ीसा के भुवनेश्वर की आयशा पंडा प्रथम व प्रियांशी वर्मा द्वितीय रहीं। वरिष्ठतम वर्ग में प्रथम स्थान पर पंचमहाल, गुजरात के सतीश कुमार पुंजा भाई प्रजापत ने प्रथम स्थान तथा द्वितीय स्थान फ़ॉरबिसगंज बिहार के आशीष कुमार ने प्राप्त किया। वहीं पब्लिक ऑपिनियन श्रेणी में उदयपुर की हिताक्षी गहलोत और सहरसा बिहार के सच्चिदानंद शाह का चयन किया गया।
परिणामों की शृंखला में गुरमीत सिंह ने बताया कि सांत्वना पुरस्कारों के लिए फ़ॉरबिसगंज बिहार के राजेश कुमार व स्नेहा कुमारी, नई दिल्ली के आयुश ठाकुर, कोलार गोल्ड कर्नाटक की अनघा जीके, उदयपुर की चंचल बसेर, बूंदी की निधि गंगवाल, सौम्या जैन व वैशाली मीणा का चयन किया गया। उमंग संस्थान की अध्यक्ष सविता लौरी ने सभी प्रतिभागियों के कार्य की सराहना करते हुए विजेताओं को शुभकामनाएं दीं।
पर्यावरण संरक्षण की बात करते हुए मुख्य निर्णायक रहे डॉ. आशीष शृंगी ने बताया कि बच्चों की रचनात्मक अभिव्यक्ति का देखते हुए इस प्रतियोगिता का परिणाम निकालना आसान नहीं रहा। चयनित बच्चों से व्यक्तिगत बात भी की गई। प्रतियोगिता के विषय और मौलिक विचारों के साथ रचनात्मकता पर भी ध्यान रखा गया।
इस अवसर पर प्रतियोगिता प्रभारी लोकेश कुमार जैन ने बताया कि प्रतियोगिता में राजस्थान सहित 10 राज्यों के 215 प्रतिभागियों ने भाग लेते हए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। निर्णायक पैनल में डाॅ. युवराज सिंह के पर्यवेक्षण में सहआचार्य डॉ. आशीष शृंगी, प्राध्यापक सतीश शर्मा तथा आंतरिक सदस्य के रूप में बूंदी ब्रुश के संरक्षक नन्द प्रकाश शर्मा शामिल रहे।
आयोजक संस्था उमंग संस्थान के सचिव कृष्णकांत राठौड़ ने आयोजित किए गए पर्यावरणीय कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान इसी प्रकार विभिन्न नवाचारात्मक गतिविधियों द्वारा बालक बालिकाओं की प्रतिभा को निरंतर निखारने का कार्य करता रहेगा। इस मौके पर डॉ. आशीष शृंगी व गुरमीत सिंह ने कोविड काल मे आयोजित गतिविधियों की विजेता अंजलि राठौर, आशिफ़ा तस्लीम, मुस्कान सिंह, कनक राठौर, हरमन सिंह, दर्शप्रीत सिंह, मिताली सोनी को भी पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर वरिन्दर कौर, अमन दाधीच, रेहाना चिश्ती व महेश शृंगी भी मौजूद रहे।
