December 9, 2025

News Chakra India

Never Compromise

बूंदी: लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने एनएचआई 52 के डामरीकरण पुनरुद्धार कार्य का शिलान्यास किया, कहा-खुलेंगे समृद्धि के द्वार

बूंदी: लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने एनएचआई 52 के डामरीकरण पुनरुद्धार कार्य का शिलान्यास किया, कहा-खुलेंगे समृद्धि के द्वार

एनसीआई@बूंदी

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शुक्रवार को तालेड़ा में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा 300 करोड़ की लागत से बनाए जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 52 के किलोमीटर 205.724  (तालाब गांव) से, 250.144 किमी (एनएच-76 जंक्शन) कोटा सीमेंट कंक्रीट पेवमेंट से व किमी 167.624 से किमी 205.724 (तालाब गांव जंक्शन) तक डामरीकरण के पुनरुद्धार कार्य का शिलान्यास किया। यहां अपने सम्बोधन में बिरला ने बूंदी जिले के विकास के सम्बन्ध में कई बड़ी घोषणाएं कीं।

इस अवसर पर सम्बोधित करते हुए बिरला ने कहा कि एनएचआई व भारत माला प्रोजेक्ट के माध्यम से सम्पूर्ण देश को जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। वहीं, प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत सभी गांवों को जोड़ने का कार्य भी चल रहा है। आने वाले समय में देश का हर गांव-ढाणी सड़क से जुड़ जाएगा। इससे आवागमन की बेहतर सुविधा हो सकेगी। आवागमन की सुविधा बेहतर हो जाने पर किसान को उपज लाने ले जाने में सुविधा होगी।  व्यापारिक गतिविधियां भी बढ़ेंगी, नए उद्योग-धंधे लगेंगे। साथ ही पर्यटन व्यवसाय विकसित होगा। इससे लोगों को रोजगार भी मिलेगा। बिरला ने आगे कहा कि, आजादी के 75 वर्ष पूरे करने के उपलक्ष्य में हम हमारे गांवों को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लें। हर गांव को आत्मनिर्भर गांव बनाएं, ताकि भारत आत्मनिर्भर बने।

किसान हर चुनौती का सामना करने में सक्षम

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि कारोनो की पहली और दूसरी लहर ने देश ही नहीं पूरे विश्व में सामाजिक ताने बाने को तोड़ दिया। अच्छे-अच्छे विकसित देशों की आर्थिक स्थिति डावाडोल हुई, लेकिन भारत ने इन दोनों लहरों के बावजूद भी हमारे समाजिक ताने-बाने को मजबूत बनाए रखा और आर्थिक स्थित भी बिगड़ने नहीं दी। इसमें हमारे गांवों के किसानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। देश की मजबूत ग्रामीण अर्थव्यवस्था, अपनी आत्मनिर्भता को दुनिया के सामने साबित करके दिखाया है। देश का किसान मेहनतकश और हर संकट व चुनौती का मुकाबला करने में सक्षम है। किसानों के आत्मसम्मान में कोई कमी नहीं है।

जिनके मकान टूटे, उन्हें फिर घर मिलेंगे

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा में हुए नुकसान को देखकर मन दुखी होता है। प्राकृतिक आपदा में जिन लोगों के मकान टूट गए हैं, उनके छत की व्यवस्था भी करेंगे। आपदा और संकट के समय सरकार ही नहीं समाज भी पीड़तों के साथ रहता है। यही हमारे समाज की संस्कृति और संस्कार हैं। उन्होंने कहा कि हर संकट और आपदा में समाज को साथ लेकर चलने की हमारी संस्कृति रही है।

के पाटन को बारां से जोड़ने वाले रोड का कार्य होगा शुरू

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि, कुछ ही दिन में केशवरायपाटन को बारां से जोड़ने वाले रोड का कार्य भी शुरू हो जाएगा। बल्लोप से गामछ सडक का निर्माण भी शीघ्र शुरू करवाया जाएगा। उन्होंने बताया तालेड़ा से अकतासा तक सड़क के प्रस्ताव बनाकर एनएचआई को भिजवाने के निर्देश दिए गए हैं। हमारा प्रयास है कि गांवों की कनेक्टिीविटी बेहतर हो। एनएचआई, भारत माला व भारत माला 2 से देश के महानगरों को जोड़कर विकास की गति का बढ़ने का कार्य किया जा रहा है। आने वाले दो वर्षों में बूंदी सहित जिले के सभी रेल स्टेशन अच्छे बनेंगे।  इन पर आवश्यक गाड़ियां रुकने लगेंगी। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए सुविधा बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा एयरपोर्ट ऑथोरिटी को जमीन हस्तांतरण करने पर जल्द ही एयरपोर्ट का निर्माण भी शुरू हो जाएगा। हवाई अड्डे के निर्माण में धन की कोई कमी नहीं आएगी। हमारा प्रयास है कि बूंदी, कोटा, बारां झालावाड़ और सवाईमाधोपुर को पर्यटन सर्किट से जोड़ा जाए। इससे यहां बड़ी संख्या में पर्यटक आएंगे।

हर गांव को आदर्श गांव बनाने का प्रयास

बिरला ने कहा कि भारत माला प्रोजेक्ट के तहत हो रहे दिल्ली-मुम्बई कोरिडोर निर्माण से बेहतरीन आवागमन की सुविधा मिलेगी। हर गांव को आदर्श गांव बनाने का प्रयास है। इसके लिए सभी के सहयोग की जरूरत है। आने वाले समय में सभी सीएचसी पीएचसी में चिकित्सा संसाधन उपलब्ध करवाकर उन्हें मजबूती दी जाएगी, ताकि लोगों के जीवन को सुरक्षित रखा जा सके। कोई भी गरीब व्यक्ति धन के अभाव में इलाज से वंचित नहीं रहे। फसल बीमा योजना का लाभ लेने के लिए किसान सजग रहें।

यह भी रहे मौजूद

समारोह में बूंदी विधायक अशोक डोगरा, तालेड़ा प्रधान राजेश रायपुरिया, एनएचआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर जेपी गुप्ता के अलावा विभिन्न जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक व आमजन भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.