एसएमएस अस्पताल से डिस्चार्ज हुए सीएम गहलोत, घर पर आराम की सलाह
एनसीआई@जयपुर
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को सवाई मान सिंह (SMS) अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। मेडिकल बोर्ड ने रिपोर्ट्स का अध्ययन करने के बाद उनकी अच्छी रिकवरी को देखते हुए उन्हें डिस्चार्ज कर दिया। दरअसल, एसएमएस अस्पताल के कार्डिक केयर यूनिट में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को रिकवरी के लिए रखा गया था। उनकी एक आर्टरी में 90 फीसदी तक ब्लॉकेज हुआ था। एंजियोप्लास्टी के बाद गहलोत की सेहत में लगातार सुधार हो रहा है। हालांकि, डॉक्टर्स ने उन्हें कुछ दिन और आराम करने की सलाह दी है।
आज सुबह एसएमएस अस्पताल में चिकित्सा मंत्री मंत्री रघु शर्मा , मुख्यमंत्री के पुत्र और आरसीए अध्यक्ष वैभव गहलोत, एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुधीर भंडारी, अस्पताल अधीक्षक डॉ. राजेश शर्मा सहित मेडिकल मेडिकल बोर्ड के सदस्यों ने मुख्यमंत्री की जांच रिपोर्ट पर डिस्कशन किया। इसके बाद उन्हें डिस्चार्ज करने का निर्णय लिया गया। वहां से रवाना होने के पहले उनकी पौत्री कास्वनी ने गहलोत को तिलक लगाया और कलावा बांधा।
मोती डूंगरी गणेश जी के के दर्शन किए
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के एसएमएस अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद वे स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा और वैभव गहलोत के साथ मोती डूंगरी गणेश जी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। यहां मंदिर महंत कैलाश चंद शर्मा ने उन्हें पूजा-अर्चना करवाई और भगवान के आशीर्वाद के रूप में चूनर पहनाई। भोग लगाकर प्रसाद के लड्डूओं का थाल दिया। इसके बाद वैभव गहलोत ने अपने हाथ से मंदिर में दर्शनों के लिए आए लोगों को प्रसाद बांटा।
