किराएदार से अफेयर के शक में बहू सहित चार लोगों की हत्या, सुबह-सुबह मचा हड़कम्प
एनसीआई@नई दिल्ली
दिल्ली से सटे गुरुग्राम के एक मकान के एक ही कमरे में सुबह-सुबह चार लोगों के शव मिलने से हड़कम्प मच गया। कुछ ही देर में खुलासा हो गया कि इनकी हत्या मकान मालिक ने ही की है। मृतकों में एक किराएदार की बहू, किराएदार, उसकी पत्नी व बच्चा शामिल है। वहीं किरायेदार की बच्ची घायल है, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रिटायर्ड फौजी बताए गए आरोपी ने खुद ही थाने में जाकर वारदात की जानकारी देते वे अपना जुर्म कबूल कर लिया। वारदात का कारण यह सामने आया है कि मकान मालिक को अपने किराएदार वह उसकी बहू के बीच अवैध सम्बन्ध का शक था।
यह मामला गुरुग्राम के राजेन्द्र पार्क थाने का है। सुबह-सुबह आरोपी ने ही थाने में पहुंचकर चार लोगों की हत्या कर देने की जानकारी दी। इससे वहां मौजूद पुलिसकर्मी तक सकते में आ गए और तुरंत मौका ए वारदात पर पहुंचे। इलाके में जैसे ही लोगों को इस बात की सूचना मिली वहां भारी संख्या में भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर उससे और पूछताछ की जा रही है।
धारदार हथियार से हमला
डीसीपी दीपक सहारण ने इस वारदात के सम्बन्ध में कहा कि, कमरे में चार डेथबॉडी मिली हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रथम दृष्टया लग रहा है कि धारदार हथियार से इन लोगों की हत्या की गई है। अभी एक बच्ची घायल है, उसे हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। अभी मामले की तहकीकात की जा रही है।
